नई दिल्ली। श्रम सुधारों की बड़ी पहल के तहत चार नए लेबर कोड लागू करने के सरकार के फैसले को कामगार वर्ग के भीतर सकारात्मक समर्थन मिलने के संकेत हैं। लेबर कोड को लेकर कराए गए एक सर्वे में इसका संकेत मिलने का दावा करते हुए श्रम मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि लगभग 60 प्रतिशत श्रमिकों का मानना है कि नए लेबर कोड लागू होने से उनकी काम की स्थिति में व्यापक सुधार होगा।

श्रम मंत्रालय ने नोएडा स्थित वी वी गिरि राष्ट्रीय श्रम संस्थान द्वारा कराए गए एक सर्वे अध्ययन को आधार बनाते हुए कहा है कि यह नवीनतम सर्वे लेबर कोड को लागू करने में श्रमिकों और मालिकों के बीच बढ़ते भरोसे की व्यापकता को दर्शाता है।

श्रमिक और मालिक नए कोड को बेहतर मान रहे- मंत्रालय

मंत्रालय के मुताबिक सर्वे के परिणाम बताते हैं कि श्रमिक और मालिक नए कोड को सहज जीवन, कारोबार-व्यापार करने में आसानी, मजबूत सामाजिक सुरक्षा से लेकर अधिक सुव्यवस्थित कंप्लायंस सिस्टम के लिहाज से बेहतर मान रहे हैं। अध्ययन में यह मूल्यांकन लेबर कोड के कार्यान्वयन के शुरुआती चरण पर केंद्रित था और इसमें मजदूरों से एक-एक कर तथा समूह दोनों में राय ली गई।

जबकि मालिकों की रायशुमारी जानने के लिए प्रमुख चैंबर ऑफ कॉमर्स, मालिक संघों और उद्योग संघों जिसमें बड़े औद्योगिक समूहों के साथ एमएसएमई और छोटे उद्यमों के प्रतिनिधि भी शामिल थे। श्रम मंत्रालय के मुताबकि सर्वे में कुल 6,435 लोगों की राय ली गई जिमसमें 5,720 श्रमिक-कर्मचारी और 715 मालिक शामिल थे।

काम करने की स्थिति में सुधार होगा- सर्वे

रायशुमारी में 60 प्रतिशत लोगों ने माना कि काम करने की स्थिति में सुधार होगा, 63 प्रतिशत काम के घंटों के बेहतर नियमन की उम्मीद कर रहे, जबकि 60 प्रतिशत आराम और छुट्टी जैसे विषयों पर बेहतर स्थिति का अनुमान लगा रहे। करीब 64 प्रतिशत कर्मचारियों को वेतन पारदर्शिता और समय पर भुगतान से बेहतर आय सुरक्षा की उम्मीद बंधी है।

समय पर वेतन नियम से अनुशासन बढ़ेगा- सर्वे

वहीं नियोक्ता कार्यबल लचीलेपन को प्राथमिकता देते हैं जिसमें 76 प्रतिशत स्थिरता के लिए लेबर कोड को महत्वपूर्ण मान रहे। 64 प्रतिशत अपने बिजनेस मॉडल के लिए निश्चित अवधि के रोजगार को उपयुक्त मानते हैं और करीब इतने ही मान रहे कि समय पर वेतन नियम से अनुशासन बढ़ेगा।

इस सर्वे पर केंद्रीय श्रम और रोजगार मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि अध्ययन का यह निष्कर्ष भारत के विविध श्रम बाजार में सभी के लिए सामाजिक सुरक्षा, सम्मानजनक काम, औपचारिकीकरण तथा समावेशी और स्थायी विकास को बढ़ावा देने के लिए लेबर कोड के उद्देश्य को पूरी तरह से रेखांकित करते हैं।