गणतंत्र दिवस और बीटिंग रिट्रीट समारोह की सुरक्षा अभेद्य होगी। दिल्ली पुलिस 100 गुना से भी अधिक जूम वाले हाईटेक कैमरों से निगरानी करेगी। इन कैमरों की मदद से दूर बैठे संदिग्धों और गतिविधियों पर भी पैनी नजर रखी जा सकेगी। दिल्ली पुलिस यह कैमरे 21 जनवरी से 29 जनवरी 2026 तक यानी कुल 9 दिनों के लिए किराए पर लेगी। इन कैमरों का इस्तेमाल दिल्ली के अहम और संवेदनशील क्षेत्रों में गणतंत्र दिवस के मौके पर सुरक्षा के लिए किया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि कैमरों को ली मेरिडियन होटल के उत्तरी और दक्षिणी क्षेत्र, निर्माण भवन, राष्ट्रीय अभिलेखागार और वाणिज्य भवन की छतों पर स्थापित किया जाएगा। इन जगहों से राजपथ और उसके आसपास के बड़े इलाके की निगरानी की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि पांच विशेष कैमरों ऐसे है जिनमें जूम करने की क्षमता 100 गुना से भी अधिक होगी।
इन कैमरों को इसीलिए आयोजन स्थल के समीप ऊंची इमारतों की छतों पर लगाया जाएगा। इन कैमरों की मदद से 24 घंटे कंट्रोल रूम से निगरानी होगी। 100 गुना जूम वाले टेली लेंस कैमरे सामान्य सीसीटीवी कैमरों से काफी अलग होंगे हैं। ये पैन-टिल्ट, जूम तकनीक पर आधारित होते हैं और 100 गुना तक जूम कर सकते हैं। इसकी मदद से दूर खड़े व्यक्ति के चेहरे, वाहनों के नंबर और संदिग्ध गतिविधियों को साफ देखा जा सकता है। भीड़-भाड़ वाले इलाकों में यह तकनीक सुरक्षा एजेंसियों के लिए काफी मददगार मानी जाती है।