बेटी बोलकर जीता विश्वास, किया दुष्कर्म

आरक्षक पति ने 20 लाख का बीमा कराकर एक्सीडेंट कराना चाहा, एक जेल प्रहरी ने बेटी बनाकर किया दुष्कर्म, गर्भवती हुई महिला
  • माधवगंज थाना में जेल प्रहरी पर कराई दुष्कर्म और धमकाने की FIR
  • जेल प्रहरी की पत्नी भी मामले में आरोपी
  • खंडवा जेल में पदस्थ था जेल प्रहरी, महिला का पति अभी जेल में है

शिवपुरी की एक महिला दो पुलिस वालों की साजिश का शिकार हुई है। 2 साल पहले पहले आरक्षक पति ने महिला का 20 लाख रुपए का लाइफ इंश्योरेंस कराकर एक्सीडेंट कराना चाहा। तब अचानक गाड़ी खराब होने से हादसा टला। घटना प्रदेश के खंडवा की थी। किसी तरह उस सदमे से महिला उभरी तो खंडवा जेल में पदस्थ जेल प्रहरी नारायण सिंह ने महिला को बेटी बनाया और घर ले गया। यहां मदद के नाम पर उसको बंधक बनाकर दुष्कर्म किया है। दो साल से जेल प्रहरी उसे अपने साथ रखकर दुष्कर्म कर रहा है। अब महिला गर्भवती हो गई तो आरोपी मेडिकल लीव लेकर गायब हो गया है। घटना की शिकायत पीड़ित महिला ने ग्वालियर के माधवगंज थाना में की है। पुलिस ने आरोपी जेल प्रहरी पर दुष्कर्म व धमकाने की FIR दर्ज कर ली है। पत्नी पर भी मामला दर्ज है।

पति ने एक्सीडेंट में मौत दिखाकर 20 लाख क्लेम लेना चाहा

ग्वालियर की माधवगंज थाना पुलिस के सामने शिवपुरी की 22 वर्षीय महिला ने अपनी दुख भरी कहानी सुनाई है। महिला ने बताया कि दो साल पहले वर्ष 2019 में उसकी शादी झांसी के बबीना निवासी पुलिस जवान से हुई थी। पर शादी के बाद उसके पति ने उसके साथ साजिश की। आरक्षक ने पत्नी का 20 लाख का जीवन बीमा कराया और खंडवा में सड़क दुघर्टना की साजिश रची लेकिन वो तो गाड़ी खराब हो गई और हादसा टल गया। वहां पति के खिलाफ मामला दर्ज कराया और पति अभी खंडवा जेल में बंद है।

जेल प्रहरी ने बाप बनकर किया दुष्कर्म

महिला ने बताया कि जब वह अपने पति से जेल में मिलने जाती थी तो वहां खंडवा जेल में पदस्थ जेल प्रहरी 48 वर्षीय नारायण सिंह पुत्र मातादीन परिहार निवासी प्रीतम विहार कॉलोनी माधवगंज गुढ़ा ग्वालियर ही उसे मिलवाता था। वहां उससे पहचान हो गई। नारायण और उसकी पत्नी उसे बेटी मानते थे। लॉकडाउन से पहले एक दिन वह शिवपुरी से पति से मिलने आई तो नारायण ने उसे अपने घर पर रूकने के लिए कहा। बोला अगले दिन खंडवा चलेंगे। उसकी पत्नी ने भी कहा तू बेटी जैसी है आराम से घर में रह। रात को जेल प्रहरी ने महिला के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वह उसे जबरन बंधक बनाकर दुष्कर्म करने लगा। अपने साथ खंडवा में रखा। एक महीने के लिए दतिया के सेवढ़ा में ड्यूटी लगी तो वहां भी गार्ड रूम में उसे रखकर दुष्कर्म किया। साथ ही मारपीट करता था। अभी कुछ समय पहले तक मुरैना में पदस्थापना के दौरान वहां रखकर दुष्कर्म किया। जब महिला गर्भवती हो गई तो आरोपी उसे छोड़कर लीव लेकर गायब हो गया है। जेल प्रहरी की पत्नी उसे धमका रही है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी जेल प्रहरी के खिलाफ दुष्कर्म व धमकाने और उसकी पत्नी को मददगार बनाकर मामला दर्ज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *