पूर्व CM का ग्वालियर-चंबल में हवाई दौरा:कमलनाथ बोले- ‌BJP नेता ड्रामा की राजनीति करते हैं, मुख्यमंत्री सिर्फ झूठे वादे करते हैं, घोषणा कर गए ये तो बता दो मिलेगा कब

ग्वालियर-चंबल अंचल के दौरे पर आए पूर्व CM कमलनाथ ने बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात करने के बाद भाजपा पर तीखा हमला किया है। उनका कहना है कि भाजपा नेता ड्रामा की राजनीति करते हैं। मुख्यमंत्री सिर्फ झूठे वादे करते हैं। घोषणा करते हैं कि मदद मिलेगी, अब यह तो बता दो कब मिलेगी।

गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के क्षेत्र दतिया में पूर्व CM कमलनाथ ने उनको भी आड़े हाथ लिया है। उन्होंने कहा कि सब जानते हैं कि वह कैसे जीतते हैं। प्रदेश सरकार, केन्द्र सरकार सिर्फ झूठ बोलती है। झूठ बोलने में सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। कांग्रेस पर झूठा आरोप लगाने के सिवाय कुछ नहीं कर सकते।

लोगों की बुरी हालत है। यहां जल्द मदद करो
पूर्व CM कमलनाथ ने कहा है कि दतिया में लोगों की हालत देखी है। बहुत बूरी हालत है। खाने को खाना नहीं है। कपड़े नहीं है और लोग बाढ़ के बाद भी जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहे हैं। राहत शिविर में पड़े हुए हैं। घर पानी में बह गए हैं। मुख्यमंत्री घोषणा कर गए, लेकिन बताया नहीं कब तक मदद करेंगे। जल्द मदद करो।

सरकार की लापरवाही से आई बाढ़
मौसम विभाग पहले से चेतावनी देता है। अचानक बारिश नहीं होती है। डैम से अचानक पानी क्यों छोड़ा गया। क्या अचानक डैम भर गए। जब भर रहे थे और लगातार पानी आ रहा था तो अलर्ट क्यों नहीं किया गया। लोगों को पहले सुरक्षित स्थान पर पहुंचाते तो यह हाल नहीं होता। अब दावा कर रहे हैं कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को समय रहते बचा लिया तो क्या भाजपा वालों ने एहसान किया है।

कोरोना में भी झूठ बोलते रहे
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा है कि भाजपा झूठ बोलने में अन्तरराष्ट्रीय रिकॉर्ड बना चुकी है। कोरोना में भी मौतों को लेकर झूठ बोला। हकीकत सभी जानते हैं। कांग्रेस में वंशवाद की राजनीति होती है। भाजपा के इस आरोप पर पूछे गए सवाल पर कमलनाथ बोले- भाजपा में कितने नेताओं को बच्चे राजनीति कर रहे हैं। यह गिनाने की जरूरत नहीं है। सभी जानते हैं कि वंशवाद कहां हावी है।

ग्वालियर एयरपोर्ट पर समय से पहले पहुंचे
बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई दौरा करने के लिए पूर्व CM कमलनाथ शनिवार को निर्धारित समय से 5 मिनट पहले ही ग्वालियर पहुंच गए। उन्हें 9.45 बजे आना था और वह 9.40 बजे ही ग्वालियर एयरपोर्ट पर पहुंच गए। यहां से हेलिकॉप्टर के जरिए अगले 5 मिनट में वह दतिया के लिए रवाना हो गए। ग्वालियर में एयरपोर्ट कांग्रेस नेता उनसे मिलने पहुंचे थे, लेकिन दतिया जल्दी पहुंचना था इसलिए किसी से बात नहीं की। दतिया से शिवपुरी, श्योपुर होने के बाद वह दोपहर 2.30 बजे ग्वालियर लौटेंगे। यहां से भोपाल रवाना होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *