मौहारी कटरा टोल नाके पर मारपीट ….. ​​​​​​​सतना जिले में टोल नाके के कर्मचारियों ने डिप्टी स्पीकर के पीएसओ समेत अन्य सहयोगियों को पीटा

सतना जिले में टोल नाकों पर गुंडई और यात्रियों के साथ बदतमीजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही। नागौद के मौहारी टोल नाके पर भाजपा नेत्री के साथ अभद्रता के बाद अब अमरपाटन रोड के मौहारी कटरा टोल नाके पर टोल कर्मियों की गुंडागर्दी का मामला सामने आया है।

नेशनल हाइवे के इस टोल नाके पर पूर्व डिप्टी स्पीकर के स्टाफ के साथ मारपीट की गई, जिसके बाद कांग्रेस के दिग्गज नेता रात के वक्त सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। हालांकि टोल कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है, लेकिन इस एक और घटना ने टोल नाकों में यात्रियों की सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है।

प्रशासन की समझाइश

फटकार भी बेलगाम टोल कर्मचारियों पर बेअसर साबित हो रही है। बीते दिनों भाजपा नेत्री रानी बागरी के साथ नागौद के मौहारी स्थित टोल नाका के कर्मचारियों ने अभद्र व्यवहार किया था। ये मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि अमरपाटन रीवा नेशनल हाइवे 30 स्थित मौहारी कटरा टोलनाका के कर्मचारियों ने पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह को धरने पर बैठने को मजबूर कर दिया। इस टोलनाका के कर्मचारियों ने डिप्टी स्पीकर के पीएसओ समेत अन्य सहयोगियों की पिटाई कर दी।

मिली जानकारी के मुताबिक मप्र के पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष डॉक्टर राजेंद्र सिंह वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वापस अमरपाटन स्थित अपने निवास लौट रहे थे। सिंह जैसे ही मौहारी कटरा स्थित टोल नाका के पास पहुंचे तो देखा कि टोल कर्मचारी एक कार सवार लोगों से बहस कर रहे थे।

सिंह के पीएसओ आरक्षक 888 राकेश सिंह परिहार के 45 साल के बेटा रामनाथ सिंह परिहार निवासी ग्वालियर ने कार से उतरकर टोल कर्मचारियों को रास्ता क्लियर करने को कहा, तो विवाद शुरू हो गया।

बताया जाता है कि पीएसओ राकेश सिंह ने जैसे ही रास्ता क्लियर करने की बात कही तो टोल कर्मचारियों ने उनसे गाली-गलौज शुरू कर दिया। राकेश सिंह ने टोल कर्मचारियों को बताया कि पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष की गाड़ी है रास्ता क्लियर करवाओ, लेकिन टोल कर्मचारियों ने कुछ सुनना जरूरी नही समझा और मारपीट पर उतारू हो गए।

इस दौरान सिंह की गाड़ी में सवार सहयोगी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने टोल कर्मचारियों को समझाइश देने की कोशिश की, लेकिन टोल कर्मचारियों ने उनको भी पीट दिया। इस मारपीट में पीएसओ राकेश सिंह, अरुण प्रजापति, रमेश चौधरी, राजा खान चोटिल हुए, जिसमें अरुण के एक हाथ में गंभीर चोट लगी है।

टोल नाले पर ही धरने पर बैठे पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष व अन्य।
टोल नाले पर ही धरने पर बैठे पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष व अन्य।

धरने पर बैठे पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष

पीएसओ और साथियों के साथ हुई घटना के बाद पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र सिंह साथियों और कार्यकर्ताओं के साथ टोल नाका में ही धरने पर बैठ गए। इस बात की जानकारी लगते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद सिंह और उनके कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन समाप्त किया।

दर्ज हुआ प्रकरण

देर रात ही अमरपाटन पुलिस ने पीएसओ राकेश सिंह परिहार की शिकायत पर आधा दर्जन टोल कर्मचारियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया। इसमें टोल कर्मचारी सुधीर सिंह निवासी त्योधरी, आरती उईके समेत अन्य को आरोपी बनाया गया। आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। बताया गया कि वारदात के बाद से सभी आरोपी फरार हैं।

टोल नाकों पर गुंडागर्दी ठीक नही, मेरे सामने की मारपीट

विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि टोल नाकों पर टैक्स वसूली के नाम पर गुंडागर्दी हो रही है। नाकों पर अगर फास्ट टैग का सिस्टम काम नही कर रहा तो उसके लिए यात्री जिम्मेदार नही हैं। मौहारी कटरा-पाल बछरा टोल नाके पर मेरे पीएसओ और अन्य लोगों के साथ मेरे सामने मारपीट की गई। दौड़ा-दौड़ा कर मारा गया।

मैंने एसपी को फोन कर घटना की जानकारी दी। सतना जिले के टोल नाकों पर ऐसी घटनाएं लगातार हो रही हैं। इसी नाके पर पिछले दिनों एक जज के साथ भी अभद्रता हुई। यह सब ठीक नहीं हैं। प्रशासन को इस पर एक्शन लेना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *