चंदौली में सपा विधायक सहित 152 पर मुकदमा …. CM से मिलने जाने से राेकने पर सपा नेताओं ने की थी गुंडागर्दी, थानाध्यक्ष ने दर्ज कराया मुकदमा
चंदौली में सपा विधायक सहित 152 पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। रविवार को CM से मिलने जाने से राेकने पर सपा नेताओं ने गुंदागर्दी की थी। थानाध्यक्ष ने की तहरीर पर पुलिस ने सकलडीहा से सपा विधायक प्रभु नारायन सिंह यादव, सपा के वरिष्ठ नेता संतोष यादव सहित 152 अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों को चिन्ह्नित करने में जुट गई है।
उधर, मामले को लेकर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट भी किया है। उन्होंने कहा कि सपा का गुंडागर्दी और अपराध से जन्मजात रिश्ता है। ऐसे लोगों को चिन्हित करके सख्त से सख्त कार्रवाई होगी। क्योंकि प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखना हमारी अहम जिम्मेदारी है।

एसपी बोले- कानून व्यवस्था ध्वस्त करने वालों को बक्शा नहीं जाएगा
एसपी अंकुर अग्रवाल ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सपा के लोगों से अपील की गई। लेकिन लोगों ने पुलिस के सुझाव के बाद भी निषेधाज्ञा का पालन नहीं किया। ऐसे में दो लोगों के खिलाफ नामजद और डेढ़ सौ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जनपद में किसी भी सुरत में कानून व्यवस्था ध्वस्त करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

सपा विधायक ने सीओ से की थी हाथापाई
चंदौली में सपा विधायक, पूर्व सांसद समेत अन्य कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रविवार को लाठीचार्ज कर खदेड़ दिया। तू-तू मैं-मैं के बाद सपा विधायक की सीओ से हाथापाई भी हुई। दरअसल, सपा विधायक कार्यकर्ता के साथ रामगढ़ में CM योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन देने जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने।
पुलिस ने सभी को लाठीचार्ज कर भगाने का प्रयास किया। सपा कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। सीओ को हटाने की मांग करने लगे। करीब 1 घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। एसडीएम और एसपी ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
विकास कार्यों का शिलान्यास करने आए थे CM
रामगढ़ स्थित बाबा कीनाराम की जन्मस्थली में 30 करोड़ के विकास कार्यों के शिलान्यास करने के लिए रविवार की दोपहर CM योगी आदित्यनाथ पहुंचे। CM के आने से पहले दोपहर करीब 12:00 बजे चहनिया बाजार से पूर्व सांसद रामकिशन यादव, विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव और सपा के जिला अध्यक्ष सतनारायण राजभर के नेतृत्व में सैकड़ों सपा कार्यकर्ता पैदल ही CM को ज्ञापन देने के लिए चल पड़े। सपा कार्यकर्ता खाद की किल्लत, धान खरीद न होने और गड्ढों से भरी सड़कों के मरम्मत की मांग को लेकर पत्रक देने जा रहे थे।

रोकने पर भड़क गए थे सपा कार्यकर्ता
सपा विधायक, पूर्व सांसद समेत सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी रामगढ़ के लिए कूच करने लगे। चहनिया से रामगढ़ जाने वाले मार्ग पर पुलिस ने सपाइयों को रोक दिया। इससे सपा कार्यकर्ता उग्र हो गए। सीओ सकलडीहा अनिरुद्ध सिंह और सपा विधायक प्रभु नारायण यादव के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते बात बिगड़ गई। सपा कार्यकर्ता पुलिस टीम को धक्का देकर आगे बढ़ने लगे।
एसडीएम और एसपी ने शांत कराया मामला
पुलिस ने सपाइयों को रोकने के लिए लाठीचार्ज कर दिया। इससे मामला और बिगड़ गया। सभी कार्यकर्ता सड़क पर धरने पर बैठ गए। मामले की जानकारी पर एसडीएम सकलडीहा और अपर पुलिस अधीक्षक चिरंजीवी मुखर्जी माैके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। सपा नेताओं ने CM को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को दे दिया।