ग्वालियर … शहर को पढ़ा रहे स्वच्छता का पाठ, खुद के कार्यालय का हर कोना बना पीकदान

निगम के खुद के ही कार्यालय में पसरी गंदगी, शहर को कैसे करेंगे साफ

ग्वालियर. शहर में स्वच्छता,साफ सफाई का दावा करने वाला नगर निगम अपने खुद के ही कार्यालयों की साफ सफाई नहीं करवा पा रहा है, इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 में निगम की कैसी तैयारी है। सोमवार को पत्रिका टीम ने निगम मुख्यालय में सफाई को लेकर जाकर देखा तो हर जगह गंदगी ही गंदगी नजर आई। इसमें निगम की सीढ़ी, विभिन्न क्षेत्रीय कार्यालयों के कोनों पर गंदगी पसरी हुई और जगह-जगह थूकने की पीक दिखाई दी। यह हाल निगम कार्यालय के सभी विभागों का था। चर्चा करने पर निगम कर्मचारियों ने दबी जुबान से बताया कि निगम के जिम्मेदार भले ही शहर में साफ सफाई की बात करते है, लेकिन खुद के कार्यालयों व मुख्यालय की साफ सफाई की ओर कोई ध्यान नहीं है। यही हाल निगम के क्षेत्रीय कार्यालय 15, 16, 17, 18 और 19 पर भी दिखाई दिया, जहां निगम का अमला न सिर्फ अपने आसपास साफ-सफाई रखने यहां वहां न थूकने, कचरे से खाद्य बनाने की प्रक्रिया और गीला-सूखा कचरा अलग-अलग करके ही वाहन में डालने लोगों को समझाते हुए नजर आए। जबकि खुद के कार्यालय को पीकदान बना बैठे हैं।निगमायुक्त बेखर… क्योंकि नहीं पहुंचे क्षेत्रीय कार्यालयों पर
खास बात यह है कि नगर निगम की इस हालत से निगमायुक्त किशोर कान्याल बेखबर हैं,क्योंकि उन्होंने अब तक निगम मुख्यालय व क्षेत्रीय कार्यालयों के कक्षों का निरीक्षण ही नहीं किया। स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 को लेकर संभागीय आयुक्त, कलेक्टर, निगमायुक्त व प्रशासन के तमाम अधिकारी सुबह से शाम तक दिनभर तीन-चार बैठकें स्वच्छता को लेकर करते रहते हैं,लेकिन इन बैठकों में आज तक कभी भी कार्यालयों की साफ सफाई को लेकर कोई भी चर्चा नहीं हुई। निगम के अधिकतर अधिकारी-कर्मचारी गुटखा खाकर अपने कार्यालयों के बाहर ही थूक देते हैं।
मुख्यालय व क्षेत्रीय कार्यालयों पर बने पीक के निशान
निगम के मुख्यालय में विभिन्न शाखाओं व क्षेत्रीय कार्यालय 15, 16, 17, 18 व 19 के सामने सीढ़ी, दीवारों पर पीक के निशान यह बता रहे हैं कि निगम का स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 सिर्फ दिखावा है और निगम अधिकारी-कर्मचारी ही उसे ठेंगा दिखा रहे है। इन कर्मचारियों ने कार्यालय के बाहर बने कोनों को ही पीकदान बना डाला है। वहीं निगम जिम्मेदारों ने अपने कार्यालय को साफ-सुथरा रखने के लिए कई कार्यालयों के सामने बकायदा लिखवा रखा है कि दीवार पर थूकना सख्त मना है और पकड़े जाने पर जुर्माना लगेगा। निगम व क्षेत्रीय कार्यालयों पर जगह-जगह पीक के निशान बने हुए हैं। इस मामले में आज तक किसी भी कर्मचारी पर कोई भी जुर्माना नहीं लगाया गया है।
गंदगी फैलाने पर जुर्माना
&निगम मुख्यालय व क्षेत्रीय कार्यालयों में हर दिन साफ सफाई होती है। मैं अभी टीम को बोलकर तत्काल साफ सफाई के लिए कहता हूं। साथ ही क्षेत्रीय कार्यालय व मुख्यालय व अन्य कहीं पर भी कोई भी व्यक्ति यदि गंदगी फैलाते हुए नजर आएगा तो उस पर जुर्माना करते हुए सख्त कार्रवाई की जाएगी।
किशोर कान्याल, आयुक्त नगर निगम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *