रामायण सर्किट के लिए 15 दिन में मिलेगी राशि, हेरिटेज सर्किट में ग्वालियर भी शामिल

मध्यप्रदेश में चार टूरिस्ट सर्किट वाइल्ड लाइफ, बुद्धिस्ट, हेरिटेज और इको सर्किट पर काम चल रहा है। वाइल्ड लाइफ के लिए 8115 लाख, बुद्धिस्ट के लिए 6008 लाख, हेरिटेज सर्किट के लिए 8532 लाख और इको सर्किट के लिए 7969 लाख रुपए की राशि मिल चुकी है। हेरिटेज सर्किट में ग्वालियर, ओरछा, खजुराहो, चंदेरी, भीमबैठका और मांडू को शामिल किया गया है।

यह जानकारी मप्र पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव शिवशेखर शुक्ला ने दी। वे मंगलवार को केंद्रीय पर्यटन मंत्री जी. किशन रेड्डी के सामने प्रदेश में पर्यटन को लेकर कराए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी दे रहे थे। आईआईटीटीएम के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित बैठक में उन्होंने बताया कि खजुराहो और ग्वालियर को आइकोनिक साइट बनाने पर काम चल रहा है।

उन्होंने मंत्री का ध्यानाकर्षित कराते हुए कहा कि प्रदेश में बन रहे रामायण सर्किट का काम 5 वर्षों से अटका है, क्योंकि पर्यटन मंत्रालय से राशि नहीं मिली है। मंत्री ने 15 दिनों में राशि जारी करने की बात कही। राम वन गमन पथ 69 करोड़ में विकसित किया जा रहा है। अब यह राशि बढ़ सकती है।

देश में पर्यटन बढ़ाने के लिए 3600 रेलवे कोच तैयार करवाए

बैठक में केंद्रीय पर्यटन मंत्री ने कहा कि हमारा उद्देश्य देश में पर्यटन बढ़ाना है। इसके लिए मंत्रालय ने 3600 रेलवे कोच तैयार करवाए हैं। अगर आपके यहां पर्यटन ट्रेन चलाने की आवश्यकता है तो हमें बताएं। साथ ही उन्होंने बुद्धिस्ट सर्किट पर वीडियो भी मांगा है, ताकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसकी ब्रांडिंग की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *