ग्वालियर की सभी जनपद, जिला पंचायत भाजपा की …?

विधानसभा 2023 से पहले भाजपा ने जोड़तोड़ कर की अपनी जमीन मजबूत….

ग्वालियर में आखिरकार भाजपा ने जिले के चारों ब्लॉक (घाटीगांव, मुरार, डबरा, भितरवार) और जिला पंचायत के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष की सीटों पर कब्जा कर लिया है। भाजपा ने जोड़तोड़ कर साल 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव की जमीन को ग्वालियर ग्रामीण में मजबूत कर लिया है, पर शहर में महापौर की सीट कांग्रेस के पास जाने से हालात कुछ गड़बड़ है। अब भाजपा ग्वालियर नगर निगम में अपना सभापति बनाकर यहां भी जमीन मजबूत करना चाहेगी। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा को यह जोड़तोड़ काफी मदद दे सकती है।

मुरार जनपद पर भाजपा समर्थित दिलराज किरार जीतने के बाद
मुरार जनपद पर भाजपा समर्थित दिलराज किरार जीतने के बाद

सभी जनपद पर भाजपा का राज कायम
ग्वालियर में पंचायत चुनाव में भाजपा और कांग्रेस दोनों ने काफी मेहनत की थी और जोड़तोड़ लगाई थी, लेकिन ग्वालियर में भाजपा का राज कायम रहा है। जिले की चार जनपदों में यह रहा परिणााम।

– मुरार जनपद पंचायत में 25 वार्ड हैं। यहां हाल ही में आए परिणाम में भाजपा समर्थित 23 वर्षीय दिलराज किरार ने अध्यक्ष का चुनाव जीता है। उन्हें 18 वोट मिले थे, जबकि उनके प्रतिद्वंदि को 7 वोट मिले थे। 11 वोट से वह जीते थे, जबकि उपाध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित सर्वेशदेवी पत्नी दशरथ गुर्जर जीती हैं।
– भितरवार जनपद पंचायत में भी 25 वार्ड हैं। यहां भी भाजपा ने अध्यक्ष उपाध्यक्ष अपना बनाकर कब्जा किया है। यहां से भाजपा समर्थित लक्ष्मी पत्नी नारायण सिंह को 25 मंे से 14 वोट मिले हैं, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वि को सिर्फ 10 वोट मिले और एक वोट निरस्त कर दिया गया। यहां से उपाध्यक्ष भाजपा के जगमोहन प्रजापति बने हैं।
– डबरा जनपद पर भी भाजपा का कब्जा हुआ है। यहां गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के गुट और कांग्रेस को सिंधिया समर्थक इमरती देवी ने झटका दिया है। यहां भाजपा समर्थक प्रवेश मेहताब गुर्जर ने रामेश्वर तिवारी को 7 वोट से हराया है। यहां से उपाध्यक्ष के लिए वृंदावन बघेल जीते हैं वो भी भाजपा से हैं।
– घाटीगांव जनपद में भी भाजपा का कब्जा रहा है। यहां से सिंधिया समर्थक इमरती और मोहन सिंह की चली है। यहां भाजपा समर्थित वर्षा दिलीप रावत निर्विरोध जीती हैं तो उपाध्यक्ष के लिए सरला राठौर ने 17 वोट से जीत दर्ज की है।

ग्वालियर जिला पंचायत भी भाजपा के नाम
– ग्वालियर जिला पंचायत पर भी भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। जिला पंचायत ग्वालियर में 13 वार्ड हैं। 13 में से 10 वार्ड के सदस्य भाजपा के साथ थे। यही कारण है कि अध्यक्ष के लिए दुर्गेश पत्नी डॉ. कुंअर सिंह और उपाध्यक्ष के लिए प्रियंका पत्नी सतेन्द्र घुरैया ने निर्विरोध जीत दर्ज की है। दोनो भाजपा से हैं।

भाजपा ने कांग्रेस को नहीं दिया मौका
– ग्वालियर में जनपद और जिला पंचायत के परिणाम आने के बाद से ही भाजपा नेताओं ने सदस्यों पर नजर गढ़ा ली थी। इसके बाद कांग्रेस को जोड़तोड़ के लिए मौका भी नहीं दिया। हर मोर्चे पर भाजपा ने कांग्रेस को चारो खाने चित किया है। भाजपा ने उनके समर्थन वाले सदस्यों के साथ ही अपने सत्ता के बल पर निर्दलीयों को भी अपने पाले में कर एक तरफा जीत दर्ज कर ली है। अब यह जीत का फायदा उनको साल 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव में मिलेगी। गांव की सरकार उनकी होगी तो चुनाव में उनको फायदा होना लाजिमी है।

भाजपा के पास नेताओं की फौज, कांग्रेस में दिखी कड़की
– ग्वालियर में जनपद और जिला पंचायत चुनाव में जोड़तोड़ करने के लिए भाजपा के पास नेताओं की फौज थी। मंत्री और पूर्व मंत्री व निगमों के अध्यक्ष मैदान में थे, लेकिन कांग्रेस के पास नेतृत्व का टोटा था। कोई बड़ा नाम सदस्यों को अपने पक्ष में करने व जोड़तोड़ करता नजर नहीं आया। भाजपा के एक पूर्व मंत्री लाखन सिंह की विधानसभा में आने वाली दो जनपद भितरवार व घाटीगांव भी भाजपा में चली गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *