दिग्विजय के गृह जिले में कांग्रेस दो फाड़!…?

आदिवासी महिला के समर्थन में जयवर्धन ने किया प्रदर्शन; कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष आरोपियों के पक्ष में आगे आए….

गुना के बमोरी इलाके में आदिवासी महिला को कथित तौर पर जिंदा जलाए जाने के मामले में कांग्रेस दो गुटों में बंट गयी है। कुछ दिन पहले महिला को न्याय दिलाने की मांग के लिए किए गए प्रदर्शन में कांग्रेस विधायक पहुंचे थे। अब आरोपियों के समर्थन में किये जा रहे आंदोलन की अनुमति लेने के लिए पहुंचे लोगों में कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष शामिल रहे। तहसीलदार को आवेदन देकर उन्होंने प्रदर्शन की अनुमति मांगी है। सोमवार को दशहरा मैदान में धाकड़-किरार समाज के लोग प्रदर्शन करेंगे।

बता दें कि बमोरी इलाके के धनोरिया गांव में 2 जुलाई को आदिवासी महिला रामप्यारी बाई को गांव के ही दबंगों ने कथित तौर पर जला दिया था। मामला जमीनी विवाद से जुड़ा हुआ था। 3 महीने पहले ही प्रशासन ने रामप्यारी बाई की जमीन से दबंगों को बेदखल कर उसे कब्जा सौंपा था। तहसीलदार के नेतृत्व में प्रशासन ने बेदखली की कार्यवाई की थी। इसके बाद भी दबंग उसे जमीन पर खेती नहीं करने दे रहे थे। 2 जुलाई को खेत पर दबंगो ने कथित तौर पर महिला को डीजल डालकर जला दिया रहा। गंभीर हालत में महिला को भोपाल रैफर किया गया था, जहां 6 दिन जिंदगी से संघर्ष करने के बाद महिला ने दम तोड़ दिया था।

जयस ने किया था प्रदर्शन

मृतक महिला को न्याय की मांग को लेकर 24 जुलाई को जयस ने जिले में बड़ा प्रदर्शन किया था। पहली बार बड़ी संख्या में जयस कार्यकर्ता गुना में जुटे थे। दशहरा मैदान में आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह और हीरालाल अलावा भी शामिल हुए थे। प्रदर्शन में मृतक महिला के परिवार वालों को 5 करोड़ का मुआवजा देने और आरोपियों को सख्त से सख्त सजा देने की मांग की गई थी। इस प्रदर्शन के समर्थन पूर्व CM दिग्विजय सिंह ने भी ट्वीट किया था।

विरोध में कांग्रेस अध्यक्ष आये सामने

जयस के प्रदर्शन के बाद आरोपियों के समर्थन में धाकड़-किरार समाज सामने आया है। उनका कहना है कि महिला ने खुद ही आग लगाई। समाज के लोगों को गलत फंसाया गया है। समाज कर लोगों पर कार्यवाई के विरोध में सोमवार को दशहरा मैदान पर एक प्रदर्शन का आयोजन किया गया है। शनिवार को इस प्रदर्शन की अनुमति लेने के लिए समाज के कुछ नेता तहसीलदार कार्यालय पहुंचे। वहां अनुमति के लिए एक आवेदन तहसीलदार को दिया। आवेदन देते समय कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष मानसिंह परसौदा भी मौजूद थे। इस समय का एक फोटो भी सामने आया है, जिसमे आवेदन देने वालों के साथ कांग्रेस अध्यक्ष खड़े दिखाई दे रहे हैं। एक तरफ महिला को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह लगातार मांग कर रहे हैं, तो वहीं दूसरी तरफ आरोपियों के समर्थन में आयोजित किये जा रहे कार्यक्रम की प्रक्रिया में कांग्रेस जिलाध्यक्ष सामने आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *