इंदौर : लोकल एरिया प्लान …? 950 करोड़ का प्लान बदल देगा मध्य क्षेत्र का नक्शा, बस्तियों की जगह हाईराइज; कोर्ट व जेल की जगह कमर्शियल प्रोजेक्ट

  • जिस प्लान को नगर निगम के अफसरों ने गायब बताया, भास्कर ने उसे ढूंढ निकाला
  • कान्ह नदी से रेलवे स्टेशन, होप मिल से जवाहर मार्ग के बीच के 159 हेक्टेयर क्षेत्र को लोकल एरिया प्लान में शामिल किया गया

मध्यक्षेत्र के 159 हेक्टेयर हिस्से और 40 हजार लोगों को प्रभावित करने वाले जिस लोकल एरिया प्लान को नगर निगम ने गुमा दिया उसे भास्कर ने ढूंढ निकाला है। इस प्लान को टीएंडसीपी द्वारा दावे-आपत्ति लेने के बाद लागू किया जाएगा। इसमें 950 करोड़ के खर्च में ट्रैफिक, ट्रांसपोर्ट आदि काम होंगे। 54% राशि निगम खर्च करेगा बाकी राशि पीपीपी, स्मार्ट सिटी कन्वर्जेंस से जुटाएंगे।

कान्ह नदी से रेलवे स्टेशन, होप मिल से जवाहर मार्ग के बीच के 159 हेक्टेयर क्षेत्र को लोकल एरिया प्लान में शामिल किया गया है। प्लानिंग के मुताबिक बदलाव के बाद क्षेत्र की कनेक्टिविटी एमजी रोड, जवाहर मार्ग, एमआर-5, रिवर साइड रोड, जेल रोड, पत्थर गोदाम, देवी अहिल्या मार्ग, मेट्रो ट्रेन से होगी। निगम के चार वार्ड 56, 57, 59 और 60 को सीधा फायदा होगा। अभी यहां 4124 प्लॉट पर 4333 भवन हैं, औसत फ्लोर एरिया रेशो 0.80 है। प्लान लागू होने के बाद सड़क के हिसाब से 3 एफएआर तक मिलेगा।

25.69 किमी की सड़कें नए सिरे से होंगी तैयार

अभी यहां पर मास्टर प्लान की 16.02 किमी की सड़कें हैं। इसके साथ ही 6.89 सड़कों का चौड़ीकरण किया जाएगा। वहीं 2.78 किमी की नई सड़कें बनाई जाएंगी। कुल मिलाकर 25.69 किमी की सड़कें नए सिरे से तैयार होंगी।

मोती बंगला में म्यूजियम बनाने का प्रस्ताव

सेंट्रल जेल रेवती रेंज के पास शिफ्ट होने के बाद तीन भागों में विकसित करेंगे। वर्तमान जेल की जगह कमर्शियल प्रोजेक्ट ला सकेंगे। जिला कोर्ट शिफ्ट होने के बाद वहां भी कमर्शियल प्रोजेक्ट लाएंगे। मोती बंगले की इमारत को म्यूजियम बनाने का प्रस्ताव है।

ये बड़े बदलाव प्रस्तावित हैं

  • डीआरपी लाइन वर्तमान मास्टर प्लान में ग्रीन बेल्ट है, वहां पुलिस क्वार्टर के साथ पुलिस के लिए हाईराइज बिल्डिंग बनाएंगे।
  • सबनीसबाग और नार्थ तोड़ा की बस्ती के स्थान पर हाईराइज बिल्डिंग बनाकर बस्ती वालों को शिफ्ट करेंगे।
  • गांधी हॉल और पोत्दार प्लाजा की खाली जमीन का भी उपयोग होगा। जवाहर मार्ग से लगे बाजार की सड़कें भी चौड़ी हाेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *