भिंड : जलभराव की समस्या से मिलेगी निजात …?

शहर में बनेंगे तीन बड़े नाले, घरों में जलभराव से मिलेगी मुक्ति …

शहर के लोगों के लिए राहत की खबर है। उन्हें जल्द जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी। 1.14 करोड़ रुपए से शहर में तीन नालों का निर्माण कराया जाएगा। ताकि बारिश के दिनों में लोगों को जलभराव की परेशानी से जूझना नहीं पड़े। इसके लिए नगर पालिका ने टेंडर जारी कर दिए हैं। नालों का निर्माण मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना योजना के बजट से होगा।

नपाध्यक्ष वर्षा वाल्मीकि ने बताया कि राज्य शासन से तीन नालों की स्वीकृति प्राप्त कर ली है। एक नाला 74 लाख 37 हजार, दूसरा नाला 28 लाख 98 हजार और तीसरा नाला 10 लाख 86 हजार की लागत से बनाए जाएंगे। इससे शहर में जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी। नालों का निर्माण कार्य बारिश के सीजन के बाद शुरू होगा। निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान रखा जाएगा।

यहां बनाए जाएंगे नाले
1. सबसे बड़ा नाला सैनिक कॉलोनी से लश्कर रोड (चक्कर वाली पुलिया तक) तक 340 मीटर लंबा बनाया जाएगा। नाले का निर्माण 74 लाख 37 हजार की लागत से किया जाएगा। इस नाले के बनने के बाद सैनिक कॉलोनी के लोगों को जलभराव की समस्या से जूझना नहीं पड़ेगा। वहीं बारिश के दिनों में लोगों के घरों के अंदर पानी नहीं भरेगा।
2. दूसरा नाला वार्ड- 5 में चौधरी बंसीलाल के मकान से वेयर हाउस तक 150 मीटर लंबा नाला बनाया जाएगा। नाले का निर्माण 10 लाख 86 हजार रुपए की लागत से होगा। इस नाले के निर्माण से वार्ड क्रमांक 5 के इस हिस्से में रहने वाले लोगों को जलभराव की समस्या से छुटकारा मिलेगा।
3. तीसरा नाला वार्ड- 5 में माेहन फोटो स्टूडियो से वेयर हाउस तक 380 मीटर लंबा बनाया जाएगा। इससे उपरोक्त दूरी के बीच व उसके आस-पास वाली जगहों पर मौजूद गलियों व घरों में जलभराव की समस्या का निदान हो जाएगा। नाले का निर्माण 28 लाख 98 हजार की लागत से होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *