पंजाब के CM को जर्मनी में फ्लाइट से नीचे उतारा : पंजाबी शर्मिंदा हुए …

पैसेंजर्स ने कहा- नशे में धुत थे भगवंत मान; बादल बोले- इससे पंजाबी शर्मिंदा हुए …

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को जर्मनी के फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट पर विमान से नीचे उतारने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शिरोमणि अकाली दल के चीफ सुखबीर सिंह बादल ने ट्वीट कर मान और केजरीवाल को इस पर सफाई देने को कहा है। उनका कहना है कि इन रिपोर्ट्स ने पंजाबियों को दुनिया भर में शर्मिंदा किया है।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को 17 सितंबर 2022 को जर्मनी के फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट पर लुफ्थांसा एयरलाइंस के विमान से नीचे उतार दिया गया। इस विमान के पैसेंजर्स ने कहा कि वे नशे में थे।

सुखबीर बादल बोले- मान और केजरीवाल इस मुद्दे पर सफाई दें
सुखबीर सिंह बादल ने कहा- इस विमान के यात्रियों ने मीडिया को जो जानकारी दी है, वह परेशान करने वाली है। जानकारी के मुताबिक, पंजाब के CM भगवंत मान को लुफ्थांसा फ्लाइट से उतारा गया, क्योंकि वे नशे में थे। इस वजह से फ्लाइट 4 घंटे देरी से उड़ान भर पाई।

उन्होंने दूसरे ट्वीट में कहा कि हैरानी की बात यह है कि पंजाब सरकार इन खबरों पर चुप है। CM भगवंत मान और दिल्ली CM केजरीवाल को इस मुद्दे पर सफाई देनी चाहिए। भारत सरकार को इस मामले में दखल देना चाहिए, क्योंकि इसमें पंजाबी और राष्ट्रीय गौरव शामिल है। अगर मान को विमान से उतारा गया था, तो भारत सरकार को जर्मन सरकार से इस बारे में बात करनी चाहिए।

यह है पूरा मामला
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को 17 सितंबर 2022 को जर्मनी के फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट पर लुफ्थांसा एयरलाइंस के विमान से नीचे उतार दिया गया। खबर है कि वे नशे में थे, इसलिए एयरलाइन ने ऐसा फैसला लिया।

लुफ्थांसा वेबसाइट के मुताबिक यह विमान फ्रैंकफर्ट से शनिवार दोपहर 1.40 बजे रवाना होने वाला था। यह दिल्ली में रात 12.55 बजे लैंड करता, लेकिन इस हंगामे के बाद विमान 4 घंटे की देरी से शाम 5.52 बजे उड़ान भर पाया और सोमवार सुबह 4.30 बजे दिल्ली में लैंड हुआ।

यात्री बोले- मान ठीक से चल भी नहीं पा रहे थे
AAP के मीडिया कम्युनिकेशन के निदेशक चंदर सुता डोगरा ने बताया था कि मुख्यमंत्री की तबीयत ठीक नहीं थी। इसी वजह से 17 तारीख की बजाय वे 18 तारीख की फ्लाइट से लौटेंगे। हालांकि, विमान के बाकी यात्रियों के अनुसार CM मान ने इतनी शराब पी रखी थी कि वे ठीक से चल नहीं पा रहे थे। उनकी पत्नी और सुरक्षाकर्मी उन्हें संभाल रहे थे।

इस वजह से सुरक्षा का हवाला देते हुए मान को नीचे उतार दिया गया। उनके स्टाफ ने कोशिश की कि उन्हें न उतारा जाए, लेकिन फ्लाइट का स्टाफ कोई रिस्क नहीं लेना चाहता था। एक अन्य यात्री का कहना है कि इस पूरे वाकये के चलते फ्लाइट चार घंटे लेट हुई।

सोशल मीडिया पर इसे लेकर सीएम भगवंत मान की आलोचना हो रही है। हालांकि AAP ने इस पूरे मामले को खारिज कर दिया है। CM कार्यालय के मीडिया प्रभारी नवनीत वाधवा ने कहा कि यह सब फालतू बातें हैं। मुख्यमंत्री के जर्मनी दौरे के कार्यक्रम के मुताबिक उन्हें 18 सितंबर तक जर्मनी में रहना था।

11 सितंबर को जर्मनी गए थे मान
मान 11 सितंबर को जर्मनी गए थे और उन्हें 18 सितंबर को वापस आना था। जर्मनी में उन्होंने म्यूनिख, फ्रैंकफर्ट और बर्लिन का दौरा किया और पंजाब में निवेश की मांग की। वह दुनिया के प्रमुख व्यापार मेले, ड्रिंकटेक 2022 में भी शामिल हुए। उनके साथ उनकी पत्नी और सुरक्षाकर्मियों के अलावा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *