गुजरात में बड़ा हादसा : ब्रिज टूटा, 60 लोगों की मौत का दावा …!
पूर्व MLA बोले- 60 शव मेरे सामने निकाले, सरकार ने अबतक 7 की पुष्टि की …
गुजरात में बड़ा हादसा: केबल पुल टूटने से नदी में गिरे सैंकड़ों लोग, 10 बच्चों समेत 60 लोगों की मौत
चार दिन पहले ही रेनोवेशन के बाद खोला गया था पुल, 2 करोड़ रुपए की लागत से किया गया था मरम्मत, कई दर्जन लोगों के अभी भी पानी में फंसे होने की आशंका

मोरबी। गुजरात के मोरबी जिले में रविवार शाम बड़ा हादसा हो गया। यहां मच्छु नदी पर बना केबल ब्रिज अचानक टूट गया हादसे के वक्त ब्रिज पर करीब 400 लोग थे, जिसमें 100 से अधिक लोग नदी में गिर गए। हादसे में अबतक 60 लोगों के मौत की खबर है। मृतकों में 10 से अधिक बच्चे शामिल हैं। कई दर्जन लोगों के अभी भी पानी में फंसे होने की आशंका है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक रविवार शाम करीब 6.30 बजे यह हादसा हुआ। मोरबी के पूर्व भाजपा विधायक कांति अमृतिया ने दावा किया है कि हादसे में अब तक 60 लोगों के शव निकाले जा चुके हैं। यह पुल पिछले 6 महीने से बंद था। हाल ही में करीब 2 करोड़ रुपए की लागत से इसके मरम्मत का काम पूरा किया गया था। दिवाली के एक दिन बाद यानी 25 अक्टूबर को इसे आम लोगों के लिए खोला गया था। स्थानीय लोगों के मुताबिक रेनोवेशन कार्य में जमकर भ्रष्टाचार हुआ।
राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से लापता लोगों को ढूंढने में हर संभव मदद करने की अपील की है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘गुजरात के मोरबी में हुए पुल हादसे की खबर बेहद दुःखद है। ऐसे मुश्किल समय में मैं सभी शोकाकुल परिवारों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं कि दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की हर संभव सहायता करें और लापता लोगों की तलाश में मदद करें।’
बताया जा रहा है कि पुल की क्षमता 100 लोगों की थी। लेकिन लंबे वक्त बाद पुल खुलने के कारण रविवार को बड़ी तादाद में लोग अपने परिजनों के साथ पुल पर तस्वीरें के लिए पहुंचे थे। हादसे के वक्त करीब 400 लोग पुल पर मौजूद थे। यह पुल अंग्रेजों के जमाने की बनी हुई थी। ब्रिज का उद्घाटन 20 फरवरी 1879 को मुंबई के गवर्नर रिचर्ड टेम्पल ने किया था। यह उस समय लगभग 3.5 लाख की लागत से 1880 में बनकर तैयार हुआ था। बताया जाता है कि पुल को बनाने का पूरा सामान इंग्लैंड से ही मंगाया गया था।
हालांकि, इसके बाद इस पुल का कई बार रेनोवेशन किया जा चुका है। रेनोवेशन में बड़े स्तर पर अनिमितताएं बरती गई। बहरहाल, हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने दुख जताया है। पीएम मोदी CM भूपेंद्र पटेल से घटना की जानकारी ली और मृतकों के आश्रितों को दो लाख और घायलों को 50 हजार रुपए की सहायता देने का ऐलान किया है। CM भूपेंद्र पटेल ने बताया कि राहत और बचाव कार्य जारी है।