कमलनाथ को CM फेस घोषित कर सकती है कांग्रेस …!

:तैयारी में जुटे नाथ, ग्वालियर-चंबल और बुंदेलखंड के कई शहरों का दो माह में दौरा किया
बागेश्वर धाम में हिंदू राष्ट्र के सवाल पर बोले नाथ- संविधान से चलेगा देश

कांग्रेस मप्र में मुख्यमंत्री उम्मीदवार को लेकर चल रही बड़े नेताओं की बयानबाजी पर रोक लगाने जा रही है। 24 से 26 फरवरी तक रायपुर में होने वाले राष्ट्रीय अधिवेशन के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ को अगले विधानसभा चुनाव के लिए अधिकृत रूप से कांग्रेस का मुख्यमंत्री चेहरा घोषित कर सकते हैं। इस बारे में राष्ट्रीय स्तर पर नेताओं के बीच चर्चा हो चुकी है।

दरअसल पार्टी अब तक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के नेतृत्व में ही पार्टी विधानसभा चुनाव लड़ती रही है और वही सीएम बनते रहे हैं। 2018 में नाथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष थे और उनके नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनी। लेकिन मौजूदा स्थिति में कांग्रेस में चेहरे को लेकर नेताओं के अलग-अलग बयान आए। मामला दिल्ली तक पहुंचा तो इस पर आलाकमान ने सख्त नाराजगी व्यक्त की और नेताओं से बयानबाजी पर विराम लगाने को कहा।

पार्टी का फोकस 72 सीटों पर, जहां पांच चुनावों से हार रहे

हालांकि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने इस बात के संकेत दे दिए थे कि कमलनाथ ही पार्टी का चेहरा होंगे। इसके बाद से ही नाथ चुनावी तैयारी में लगे हुए हैं। कांग्रेस का शुरुआती फोकस उन 72 सीटों पर है, जहां वह पिछले पांच विधानसभा में चुनाव हारती रही है। साथ ही वे पिछले दो महीनों में अघोषित रूप से चुनावी प्रचार करते हुए सागर, बड़ा मलहरा, टीकमगढ़, पृथ्वीपुर, ग्वालियर, मुरैना, सिरोंज, बरगी, जबलपुर, उमरिया, सिराली हरदा, खेड़ी बाजार, आमला, बैतूल और सतना का दौरा कर चुके हैं। इसी कड़ी में उनके शिवपुरी, बागेश्वर धाम, छतरपुर और पन्ना के दौरे हुए हैं।

बागेश्वर धाम में हिंदू राष्ट्र के सवाल पर बोले नाथ- संविधान से चलेगा देश

पूर्व सीएम कमलनाथ सोमवार को बागेश्वर धाम पहुंचे। उनके साथ अरुण यादव और सज्जन सिंह वर्मा भी थे। यहां पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से मुलाकात के बाद मीडिया ने कमलनाथ से पूछा कि धीरेंद्र शास्त्री भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने की बात कहते हैं। आप क्या कहेंगे? इस पर नाथ बोले- बाबा साहब ने संविधान बनाया था। भारत इसी से चलेगा। नाथ ने कहा कि उन्होंने छिंदवाड़ा में सबसे बड़ा हनुमान मंदिर बनवाया है। वहीं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह बागेश्वर धाम पर आरोप लगाते हैं। क्या कमलनाथ माफी मांगेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *