दिल्ली महिलाओं के लिए सबसे असुरक्षित शहर ! यहां एक दिन में 3 रेप हुए; हर घंटे 51 FIR हुईं

दिल्ली महिलाओं के लिए सबसे असुरक्षित शहर ….NCRB-2022 की रिपोर्ट में दावा- यहां एक दिन में 3 रेप हुए; हर घंटे 51 FIR हुईं
NCRB ने 2022 की एनुअल रिपोर्ट 3 दिसंबर को जारी की है ..
राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) ने 2022 की रिपोर्ट रविवार (3 दिसंबर) जारी कर दी है। इस रिपोर्ट में बताया गया है कि दिल्ली महिलाओं के लिए सबसे असुरक्षित शहर है। यहां 2022 में एक दिन में 3 रेप केस दर्ज किए गए।

NCRB की 546 पेज की रिपोर्ट में बताया कि देश में महिलाओं के खिलाफ अपराध के कुल 4 लाख 45 हजार 256 केस दर्ज किए गए, यानी हर घंटे लगभग 51 FIR हुईं। 2021 में यह आंकड़ा 4 लाख 28 हजार 278 था।

रिपोर्ट में कहा गया है कि 2021 की तुलना में महिला अपराधों में 4% की बढ़ोतरी हुई है। वहीं 2022 में 28 हजार 522 मर्डर केस दर्ज हुए यानी हर दिन 78 हत्याएं हुईं।

जब देश में 4 राज्यों के चुनाव परिणाम चर्चा में थे, उस दिन NCRB ने रिपोर्ट जारी करते हुए बताया कि देश में बच्चों, अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति ( ST) और साइबर क्राइम बहुत ज्यादा बढ़े हैं।

महिला अपराधों में उत्तर प्रदेश टॉप पर
एनसीआरबी रिपोर्ट में सामने आया है कि महिलाओं के खिलाफ अपराध की दर (प्रति 1 लाख जनसंख्या पर घटनाओं की संख्या) 2021 में 64.5% से बढ़कर 2022 में 66% हो गई है। इसमें से 2022 के दौरान 19 महानगरों में महिलाओं के खिलाफ अपराध के कुल 48 हजार 755 मामले दर्ज किए गए, जो 2021 (43 हजार 414 केस) की तुलना में 12.3 % ज्यादा हैं।

2022 में महिला अपराध में 65 हजार 743 मामलों के साथ उत्तर प्रदेश टॉप पर है। इसके बाद महाराष्ट्र (45331 केस) और राजस्थान (45058 केस) पश्चिम बंगाल (34738 केस) और मध्य प्रदेश (32765 केस) का नंबर हैं।

देश में कुल अपराध घटे
एनसीआरबी की रिपोर्ट के अनुसार भारतीय दंड संहिता (IPC) और विशेष और स्थानीय कानून (SSL) के तहत रजिस्टर्ड क्राइम में कमी आई है। रिपोर्ट के मुताबिक प्रति लाख जनसंख्या पर रजिस्टर क्राइम रेट 2021 में 445.9 से घटकर 2022 में 422.2 हो गए हैं।

2022 में 58 लाख 24 हजार 946 अपराध दर्ज किए गए, जिनमें 35 लाख 61 हजार 379 भारतीय दंड संहिता (IPC) और 22 लाख 63 हजार 567 विशेष और स्थानीय कानून (SLL) अपराध शामिल हैं।

2021 में यह आंकड़ा 60,96,310 रजिस्टर्ड केस का था। इसमें 2 लाख 71 हजार 364 यानी 4.5% की आई है।

2022 में 10 हजार स्टूडेंट्स ने सुसाइड किया
रिपोर्ट में सामने आया है कि 2022 में 18 साल से कम उम्र के 10 हजार 295 बच्चों ने सुसाइड किया। इनमें लड़कों की संख्या 4616 थी, जबकि लड़कियों की संख्या 5588 थी। 2 हजार से ज्यादा स्टूडेंट्स ने परीक्षाओं में फेल होने के कारण सुसाइड किया।

महानगरों में पिछले साल से 10.4% घटा क्राइम
19 महानगरों में 2021 (952273 केस टोटल) के मुकाबले क्राइम रेट 10.4% घटा है। 2022 में यह आंकड़ा 8 लाख 53 हजार 470 रहा है। इन शहरों में अहमदाबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, कोयंबटूर, दिल्ली, गाजियाबाद, हैदराबाद, इंदौर, जयपुर, कानपुर, कोच्चि, कोलकाता, कोझिकोड, लखनऊ, मुंबई, नागपुर, पटना, पुणे और सूरत शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *