आगरा में कितनी सुरक्षित हैं बेटियां…?

UP: आगरा में कितनी सुरक्षित हैं बेटियां…

कॉलेज तो छोड़िए, घर में भी दहशत; ये तीन मामले बयां कर रही हकीकत

शहर से लेकर देहात तक युवतियों पर हमले और धमकाने की घटनाएं सामने आईं। ट्रांसयमुना में प्राॅपर्टी डीलर की बेटी और भतीजी को घर की छत पर चढ़कर नकाबपोश युवकों ने तमंचे दिखाकर डराया। पुलिस ने जांच की। मगर, आरोपी नहीं पकड़े गए। वहीं बीडी जैन में दो छात्राओं से मारपीट की गई। मामले में पुलिस ने अपनी ओर से केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
How safe are daughters in Agra leave alone college panic even at home shocked to know these three cases
युवती का सांकेतिक फोटो…

आगरा के एत्मादपुर क्षेत्र के गांव भीकनपुर के रास्ते पर शुक्रवार दोपहर कॉलेज से घर लौट रही बीए की छात्रा पर एक युवक ने जानलेवा हमला किया। गर्दन पर धारदार हथियार से प्रहार किया। वह लहूलुहान हो गई। हमलावर युवक पैदल आया और भाग गया। परिजन ने बेटी को अस्पताल में भर्ती कराया। ढाई घंटे बाद पुलिस को सूचना दी। आरोपी युवक घर से फरार हो गया है। पुलिस टीम उसकी तलाश में लगी है।

एत्मादपुर क्षेत्र की 21 वर्षीय छात्रा बीए तृतीय वर्ष में पढ़ती है। दोपहर में ढाई बजे वह काॅलेज से घर आ रही थी। गांव के रास्ते पर छात्रा के घर के पीछे रहने वाला अतुल कुमार पैदल आ गया। बताया गया है कि अतुल उसे परेशान कर रहा था। उसने छात्रा का रास्ता रोक लिया। छात्रा ने विरोध किया। इस पर जेब से धारदार हथियार निकालकर छात्रा की गर्दन पर वार करने लगा। छात्रा के शोर मचाने पर लोगों को आता देखकर आरोपी भाग गया। छात्रा किसी तरह घर पहुंची। घटना की जानकारी दी। परिजन उसे अस्पताल ले गए। मगर, उसे निजी अस्पताल में भर्ती नहीं किया गया। इस पर एसएन मेडिकल कॉलेज ले आए। तब तक परिजन ने पुलिस को सूचना नहीं दी थी। शाम तकरीबन पांच बजे पुलिस को जानकारी दी। इस पर एसीपी एत्मादपुर पियूष कांत राय फोर्स के साथ पहुंच गए। पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

तहरीर में नहीं लिखी हमले की वजह
एसीपी पियूष कांत राय ने बताया कि हमले के पीछे वजह परिजन और छात्रा नहीं बता पा रही हैं। फिलहाल हमले की बात की गई है। मामले में हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है। आरोपी घर से फरार हो गया है। यह भी हो सकता है कि आरोपी छात्रा को परेशान कर रहा होगा। छात्रा के विरोध पर उस पर हमला बोला गया। हालांकि घरवालों ने मुकदमे में घटना की कोई वजह नहीं लिखी है। यही कहा है कि मोबाइल छीनने के लिए गले पर प्रहार किया। घटना के बाद पुलिस आरोपी अतुल की गिरफ्तारी के लिए उसके घर पहुंची। मगर, वो नहीं मिला। परिजन से जानकारी ली। आरोपी का मोबाइल बंद है। पीड़ित छात्रा का परिवार दहशत में हैं। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा के लिए कहा है।
केस नंबर- 2…नकाबपोशों ने घर की छत पर लहराए तमंचे, दहशत में युवती
आगरा के महावीर नगर निवासी राकेश यादव प्रॉपर्टी डीलर हैं। बृहस्पतिवार को वह शादी समारोह में शामिल होने गए थे। घर में बेटी और भतीजी अकेली थीं। रात आठ बजे एक युवक पड़ोसी के घर की छत से उनके घर की छत पर आया। लोहे की जाल से तमंचा दिखाकर बेटियों को डराने लगा। यह देखकर वह घबरा गईं। उन्होंने शोर मचा दिया। तब आरोपी भाग निकला।

कुछ देर बाद आरोपी अपने कई साथियों के साथ छत पर आ गया। सभी ने अपने चेहरे छिपा रखे थे। हथियार लहराते हुए बेटियों को धमकाने लगे। बेटी और भतीजी जोर से चिल्लाने लगीं। इस पर सभी चले गए। मगर, वो डर गईं। घर से बाहर नहीं निकलीं। उन्होंने मंडी समिति चौकी पर शिकायत की। मगर, पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ित प्रॉपर्टी डीलर का कहना है कि घटना से दहशत में आई बेटी रिश्तेदारी में चली गई है। थाना ट्रांस यमुना के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शिकायत मिली है। इस पर जांच की गई। पीड़ित परिवार के घर के पिछले हिस्से में एक व्यक्ति चंबल सैंड रखता है। इससे छत पर चढ़कर आने की आशंका थी। इसे हटवा दिया गया है। जांच की जा रही है। काॅलोनी के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में कोई युवक नजर नहीं आया है।

केस नंबर- 3… छात्राओं के साथ मारपीट 
बीडी जैन की दो छात्राओं के साथ बुधवार को छुट्टी के बाद मारपीट हुई थी। आवाज सुनकर आए काॅलेज के गार्ड को भी आरोपियों ने पीटा था। कार्यवाहक प्रधानाचार्य ने घटना की शिकायत सदर थाने में की थी। बृहस्पतिवार को एक दरोगा पहुंचे। छात्राओं से ही थाने पर आकर शिकायत करने के लिए बोल रहे थे। पुलिस के रवैये से छात्राएं भयभीत थीं। वहीं शिक्षिकाओं ने भी आक्रोश व्यक्त किया। अधिकारियों को मामले की जानकारी शाम को दी गई।

शुक्रवार को एसीपी सदर विनायक भोसले कॉलेज पहुंचे। उन्होंने पीड़ित छात्राओं से बात की। इसके बाद आरोपियों पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। कहा कि काॅलेज के आसपास पुलिस लगाई जाएगी। मनचलों को सबक सिखाया जाएगा। सीसीटीवी कैमरों के फुटेज से आरोपियों की पहचान की गई है। पुलिस ने अपने स्तर से केस लिख लिया है। दबिश दी जा रही है। वह फरार हो गए हैं। एसीपी ने कार्यवाहक प्रधानाचार्या और शिक्षिकाओं से भी मुलाकात की। यह भी बताया कि पुलिस को कभी काल कर सकती हैं। इस पर तत्काल मदद मिलेगी। नारी सुरक्षा दल को भी लगाया जाएगा।

कॉलेजों में लगेंगी शिकायत पेटिकाएं
शहर में काॅलेज के आसपास छेड़छाड़ की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। मगर, डर की वजह से कई बार छात्राएं अपनी बात नहीं कह पाती हैं। शिक्षिका और पुलिस के पास नहीं जाती हैं। एसीपी सदर विनायक भोसले ने बताया कि जल्द ही स्कूल-कॉलेजों में शिकायत पेटिकाएं लगवाई जाएंगी। छात्राएं बिना नाम के शिकायत कर सकती हैं। पुलिस पेटिका में आने वाली शिकायत पर जांच कर कार्रवाई करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *