MLA बेदी राम अंडरग्राउंड …. पेपर लीक स्टिंग पर योगी सख्त !
MLA बेदी राम अंडरग्राउंड, ओपी राजभर दिल्ली पहुंचे …
पेपर लीक स्टिंग पर योगी सख्त, STF ने जांच शुरू की; मंत्री बोले- ये गंभीर मामला
पेपर लीक स्टिंग पर सरकार भी सख्त है। गुरुवार को सीएम योगी ने सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर को तलब किया। मुलाकात के बाद शुक्रवार सुबह राजभर दिल्ली पहुंच गए हैं। भाजपा हाईकमान ने इस मामले में रिपोर्ट मांगी है।
दरअसल, बेदी राम का 26 जून को एक वीडियो सामने आया। इसमें वह एक युवक से पेपर और लेन-देन की बात कर रहे हैं। बेदी राम कह रहे हैं- मैं बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश कई राज्यों में भर्ती कराता हूं। एक-एक परीक्षा में 40-40 लोगों की भर्ती कराता हूं।

सीएम योगी सख्त, अपनी बात नहीं रख पाए राजभर
इधर, सरकार ने स्टिंग वीडियो की जांच में STF को लगा दिया। मामला विधायक से जुड़ा है, ऐसे में STF को गोपनीय तरीके से जांच के लिए कहा है। STF लखनऊ में बेदी राम के घर के आसपास डेरा डाले है। सीएम ने पूरे मामले की जानकारी के लिए ओपी राजभर को गुरुवार शाम तलब किया। सूत्रों के मुताबिक, ओपी राजभर अपनी पार्टी के विधायक बेदी राम के मामले में खुलकर बोल नहीं रहे हैं।
इस मामले पर कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने कहा- बेदी राम के वीडियो की सत्यता पता लगाने के लिए जांच होनी चाहिए। यही कहूंगा कि योगीजी पेपर लीक मामले पर सख्त हैं। ओमप्रकाश राजभर को भी ध्यान देना चाहिए।

राजभर ने भी कहा था- कॉल लेटर आए तो बेदीराम को कॉल कर लेना
बेदी राम के पेपर लीक विवाद के बीच सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर का एक पुराना वीडियो वायरल हुआ है। इसमें राजभर बेदी राम का नाम लेते दिख रहे हैं। राजभर मुस्कराते हुए कहते हैं- किसी विभाग में नौकरी चाहिए। किसी भी विभाग में आपके भाई, बच्चे या बच्ची को नौकरी चाहिए, (तभी भीड़ से आवाज आती है- तो बेदीराम से मिलिए) तो फार्म भरने के बाद जब कॉल लेटर आ जाए तो इन्हें कॉल कर लेना। निश्चित है जुगाड़ तो बना ही देंगे।
ये देखने में ही ऐसे लग रहे हैं। इनके कम से कम कई लाख चेला लोग नौकरी कर रहे हैं। सबको इन्होंने नौकरी दिया है। तो आपको भी नौकरी चाहिए कि नहीं चाहिए। तो पढ़ाइए- लिखाइए अपने बच्चों को।
बेदी राम के खिलाफ पेपर लीक से जुड़े 3 राज्यों में 8 केस
विधायक बेदी राम के खिलाफ 3 राज्यों (यूपी, मध्य प्रदेश और राजस्थान) में 8 केस दर्ज हैं। गैंगस्टर भी लग चुका है। पेपर लीक मामले में तिहाड़ जेल जा चुके हैं। रेलवे की नौकरी से हाथ भी धोना पड़ा। बेदी राम का नाम पेपर लीक मामलों से 24 साल से आ रहा है।