नोएडा में पूर्व मंत्री डीपी यादव समेत नौ पर FIR !
पूर्व मंत्री डीपी यादव, उनकी पत्नी और बेटे समेत नौ लोगों के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर सेक्टर-126 थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोप है कि संपत्ति विवाद में शिकायतकर्ता और उनके साथियों का रास्ता रोककर धमकी दी गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
दस दिन पहले गोरखपुर निवासी पवन जिंदल ने वाडिया बंधुओं समेत तीस लोगों के खिलाफ सेक्टर-49 थाने में एक मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद दूसरे पक्ष की ओर से यह मुकदमा दर्ज हुआ है। दिल्ली के शाहदरा निवासी अशोक वाडिया ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि सलारपुर खादर स्थित 14 हजार वर्ग गज जमीन के मालिक हैं और काबिज हैं।
इन लोगों ने भूमि हड़पने की साजिश
इस भूमि को लेकर विपक्षियों से विवाद कोर्ट में विचाराधीन है। उनका आरोप है कि पिछले दिनों आरोपी पवन जिंदल, सुरेश कुमार गोयल उर्फ एसके गोयल, देवेश यादव, रामफल शर्मा, डीपी यादव, उनकी पत्नी उमलेश यादव, पुत्र कुनाल यादव, रविंद्र सिंह, अभय उपाध्याय और 10-12 अज्ञात लोगों ने मिलकर भूमि हड़पने की साजिश रची। आरोपियों ने एक एग्रीमेंट पत्र छह अगस्त 2025 को पंजीकृत करा लिया।
आरोपियों ने दी जान से मारने की धमकी
इसके बाद सात अगस्त को हथियारबंद आरोपी जमीन पर कब्जा करने पहुंचे। विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट की। इसके बाद पीड़ित 19 अगस्त को भूमि की देखभाल करने नरेश कुमार और उनके भाई जा रहे थे। सेक्टर-125 में विश्वविद्यालय के निकट गाड़ी का कई गाड़ियों से रास्ता रोक लिया गया। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर दोनों ही मामलों की जांच कर रही है।


