चुनाव में एनडीए के घटक दलों का प्रदर्शन
विधानसभा चुनाव में एक तरफ जहां भाजपा और जदयू नंबर एक और दो की पार्टी बनी, वहीं चिराग पासवान ने गठबंधन के मुख्य दलों से बेहतर प्रदर्शन किया है। लेकिन छोटे दलों के रूप में गिने जाने वाले हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा का प्रदर्शन अन्य साथी दलों के मुकाबले कम नहीं है। मात्र 6-6 सीटों पर चुनाव लड़ने वाले ये दोनों दल का प्रदर्शन कई बड़े दलों से बेहतर है।
कांग्रेस, माकपा और माले से भी आगे दोनों दल
हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा पांच सीट पर आगे है और राष्ट्रीय लोक मोर्चा फिलहाल चार सीटों पर आगे चल रही है। जबकि कांग्रेस, माकपा और माले जैसे दल इनसे पीछे हैं।
2020 के विधानसभा चुनाव में प्रदर्शन
बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) ने चार सीटों पर जीत हासिल की थी। इस चुनाव में एनडीए ने 125 सीटें जीतीं थीं। इनमें सबसे ज्यादा 74 सीटें भाजपा के खाते में गई थीं। जदयू को 43 सीटें मिली थी। 75 सीटें जीतकर राजद राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बनी थी। इसके साथ ही कांग्रेस को 19, वामदलों को 16 सीट पर जीत मिली थी। इनमें 12 सीटें माले और दो-दो सीटें भाकपा और माकपा के खाते में गईं थी। वहीं अन्य दलों में एआईएमआईएम ने पांच, बसपा, लोजपा और निर्दलीय ने एक-एक सीटें जीती थी।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025
बिहार में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान दो चरणों में हुआ है, जिसमें पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर और दूसरे चरण की वोटिंग 11 नवंबर को हुई। वहीं मतदान की प्रतिशत की बात की जाए तो पहले चरण में जहां 65.08 फीसदी वोटिंग हुई, वहीं दूसरे चरण में बंपर 68.69 वोटिंग हुई है। राज्य के विधानसभा चुनाव में कुल मतदान प्रतिशत 67.13 दर्ज हुआ है।