भाजपा ने कहा- बाबर एक लुटेरा था और उसके नाम पर कुछ भी बनना अस्वीकार्य
पश्चिम बंगाल भाजपा ने टीएमसी विधायक हुमायूं कबीर के विरोध में बरहामपुर में राम मंदिर बनाने का ऐलान किया है। भाजपा सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो ने कहा कि ‘अगर कहीं बाबरी मस्जिद बनती है, तो हम वहां मंदिर बनाकर रामलला को वापस लाएंगे। उन्होंने पूछा कि यहां बाबरी मस्जिद क्यों होनी चाहिए? बाबर एक लुटेरा था और उसके नाम पर कुछ भी बनाना अस्वीकार्य है।’
कांग्रेस पार्टी ने दी प्रतिक्रिया
कांग्रेस नेता अजय कुमार लल्लू ने टीएमसी विधायक हुमायूं कबीर के बयान पर कहा कि ‘हम इसे लेकर पूरी तरह से स्पष्ट हैं। हम रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, महिलाएं, किसानों और मजदूरों के साथ समावेशिता और समानता की बात करते हैं। कांग्रेस पार्टी हमेशा से संविधान की बात करती है और चुनाव भी इन्हीं मुद्दों पर लड़ा जाए।’
6 दिसंबर को विशाल रैली कर सकती है टीएमसी पार्टी
ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस पार्टी भी बाबरी मस्जिद विध्वंस की बरसी पर एक विशाल रैली आयोजित करने जा रही है। मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, टीएमसी का कहना है कि, टीएमसी का अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ आमतौर पर हर साल इस रैली का आयोजन करता है, लेकिन इस बार पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने इसकी जिम्मेदारी अपने छात्र और युवा विंग को सौंपी है। ये रैली महात्मा गांधी की प्रतिमा पर आयोजित की जाएगी, जहां सीएम ममता बनर्जी और राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी सभा को संबोधित कर सकते हैं।