अमेजन जैसी पैकिंग, ऑनलाइन पेमेंट और घर पर डिलिवरी ?
अमेजन जैसी पैकिंग, ऑनलाइन पेमेंट और घर पर डिलिवरी… नोएडा में ऐसे हो रही थी गांजे की सप्लाई
नोएडा सेक्टर-113 पुलिस ने ऑनलाइन ऐप्स के जरिए गांजा सप्लाई करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने सरगना समेत तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर 10 किलो प्रीमियम गांजा (OG, Mango, Shillong) जब्त किया है. ये आरोपी अमेजन जैसे ई-कॉमर्स पैकेट्स का इस्तेमाल कर कॉलेज और कॉर्पोरेट ऑफिस के पास ऑनलाइन डिलीवरी करते थे.

नोएडा की सेक्टर-113 थाना पुलिस ने ऑनलाइन ऐप्स के जरिए गांजा सप्लाई करने वाले एक सक्रिय गैंग का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने गैंग के सरगना समेत 3 सदस्यों को गिरफ्तार किया है. जिनके कब्जे से 10 किलो प्रीमियम क्वालिटी का गांजा OG, Mango, Shillong बरामद किया है. पकड़े गए आरोपी नोएडा में कॉलेज कॉर्पोरेट ऑफिस के आसपास गांजे की ऑनलाइन डिलवरी कर रहे थे. गैंग का मुख्य सरगना योगेंद्र प्रताप सिंह है जो कि अपने दो अन्य साथी सूरज शिवकेश के साथ मिलकर नोएडा में अवैध गांजे का ऑनलाइन कारोबार कर कर रहा था.
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि तस्कर घर पर ही अमेजन और अन्य बड़ी कंपनियों जैसे दिखने वाले ई-कॉमर्स पैकेट तैयार करते थे. इसके बाद ग्राहक ऑनलाइन पेमेंट करता था और अपनी लोकेशन भेजता था. यह गैंग 30 से 45 मिनट में गांजे की डिलवरी पहुंचा देता था. नमी डिलवरी कंपनी के रैपर इस्तेमाल कर ये आरोपी पुलिस को चकमा देकर लंबे समय से तस्करी कर रहे थे.
प्रीमियम कैटेगरी का गांजा
डीसीपी नोएडा यमुना प्रसाद ने जानकारी देते हुए बताया कि ये तस्कर महंगी और प्रीमियम क्वालिटी का गांजा जैसे OG, Mango Kush और Shillong स्ट्रेन का है. जिसकी कीमत सामान्य बाजार से कई गुना अधिक होती है. ये इसी का फायदा उठाकर कॉलेज और कॉर्पोरेट ऑफिस के लोगों को ऑनलाइन गांजा बेचते थे.
पुलिस ने कैसे किया पर्दाफाश
डीसीपी ने बताया कि थाना सेक्टर 113 पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर 75, सेक्टर 113 और आसपास के क्षेत्रों में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए नकली ई-कॉमर्स पैकेटों में गांजा सप्लाई किया जा रहा है. पुलिस ने जाल बिछाकर तीनों को रंगे हाथों पकड़ लिया. ये लोग ऐप्स और मैसेज के जरिए ऑर्डर लेते थे. अमेजन जैसी पैकिंग कर डिलीवरी करते थे ताकि किसी को शक न हो. गिरोह काफी तकनीकी तरीके से इस काम को अंजाम दे रहा था. इनके कब्जे से 10 किलो गांजा, इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन, अमेजॉन जैसी पैकिंग सामग्री, डिलीवरी बैग, मोबाइल फोन आदि चीजें बरामद की हैं.

