भिंड : भीम आर्मी के पूर्व पदाधिकारियों का ऑडियो …झूठी शिकायतें कर सवर्ण-ओबीसी को फंसाते हैं !

भिंड गुरुवार शाम को भीम आर्मी के दो पूर्व पदाधिकारियों का एक ऑडियो सामने आया। इसमें भीम आर्मी के पूर्व जिलाध्यक्ष सौरभ जाटव और पूर्व संभागीय पदाधिकारी देशराज धारिया आपस में किसी एफआईआर को लेकर बहस कर रहे हैं।
ऑडियो सामने आने के बाद परशुराम सेना सक्रिय हो गई और दोनों पूर्व पदाधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। परशुराम सेना का कहना है कि ये समाजसेवा के नाम पर झूठी एफआईआर करवाकर सवर्ण व ओबीसी के लोगों को फंसाते है। इनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
तीन मिनट का ऑडियो सामने आया
तीन मिनट छह सेकेंड के इस ऑडियो में सौरभ जाटव कहते हुए सुने जाते हैं कि ‘आपने इस मामले में कैसे एफआईआर करवा दी जबकि मैंने आवेदन किया था।’ इसके जवाब में देशराज धारिया कहते हैं कि ‘मैंने आपको फोन किया था, आपने नहीं उठाया।’ इस पर पूर्व जिलाध्यक्ष जवाब देते हैं कि उनके पास कोई फोन नहीं आया। ऑडियो में एफआईआर के बाद मिलने वाली राहत राशि पर भी चर्चा होती है।
पार्टी ने कहा- दोनों की निजी बातचीत है
ऑडियो वायरल होने के बाद भीम आर्मी एवं आजाद समाज पार्टी के जिला प्रभारी आदित्य वर्धन ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा कि सौरभ जाटव और देशराज धारिया अब पार्टी के किसी दायित्व में नहीं हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह निजी बातचीत का ऑडियो है और इसे संगठन या पार्टी से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। उनका कहना है कि यह ऑडियो पार्टी और संगठन की छवि खराब करने की साजिश हो सकती है।

परशुराम सेना ने पुलिस से की शिकायत
इधर, परशुराम सेना के जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा उर्फ सोनू ने भिंड एसपी असित यादव को लिखित शिकायत दी। आवेदन में आरोप लगाया गया कि सौरभ जाटव और देशराज धारिया सवर्ण और ओबीसी वर्ग के लोगों के खिलाफ झूठी शिकायतें कर रहे हैं और पुलिस पर दबाव बनाकर एफआईआर करवा रहे हैं। उन्होंने ऑडियो की कॉपी भी पुलिस को सौंपते हुए दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पूर्व संभागीय पदाधिकारी बोले- ऑडियो काफी पुराना
दैनिक भास्कर ने ऑडियो की पुष्टि के लिए दोनों पूर्व पदाधिकारियों से संपर्क किया। देशराज धारिया का फोन दो बार रिसीव नहीं हुआ। सौरभ जाटव ने कहा कि मुझे पता नहीं कि यह ऑडियो क्या है। मुझे तीन महीने पहले संगठन से हटा दिया गया था। यह ऑडियो काफी पुराना है। उन्होंने इसके अलावा कोई टिप्पणी नहीं की।

