ग्रेटर नोएडा में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा !!!
ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र स्थित चांदपुर गांव में ग्राम समाज और तालाब की सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने शनिवार को जिलाधिकारी मेधा रूपम को शिकायती पत्र भेजकर इस पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि कुछ भूमाफिया किस्म के लोग सार्वजनिक उपयोग की भूमि पर पक्के निर्माण करा रहे हैं।
गांव निवासी बृजमोहन ने जिलाधिकारी को भेजे पत्र में बताया कि ग्राम समाज और तालाब की जमीन पर लंबे समय से कुछ लोगों की नजर है। आरोप है कि पहले भी इस भूमि पर अवैध निर्माण शुरू किया गया था, जिसकी शिकायत ग्रामीणों ने सदर तहसील के अधिकारियों से की थी। प्रशासनिक कार्रवाई के बाद तब निर्माण कार्य रुकवा दिया गया था।

हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ समय बाद दबंगों ने उसी भूमि पर दोबारा निर्माण कार्य शुरू कर दिया। तालाब और ग्राम समाज की जमीन पर कब्जे से गांव के लोगों को परेशानी हो रही है। तालाब की भूमि पर निर्माण से जल निकासी और जल संरक्षण भी प्रभावित हो रहा है।

शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से मौके पर जांच कराने और अवैध निर्माण को तत्काल रुकवाने की मांग की है। उन्होंने सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की भी अपील की है, ताकि भविष्य में कोई सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा न कर सके। ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन इस मामले में जल्द ठोस कदम उठाएगा।

