मध्य प्रदेश

बेखौफ अवैध खनन:रक्कस पहाड़ी खोदने वालों को पकड़ा नहीं, सिर्फ मशीन-गाड़ी जब्त कर लाए ?

बेखौफ अवैध खनन:रक्कस पहाड़ी खोदने वालों को पकड़ा नहीं, सिर्फ मशीन-गाड़ी जब्त कर लाए

अवैध खनन-परिवहन करने वाले माफिया के हौंसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने अधिकारियों के गठजोड़ कर मोतीझील रक्कस पहाड़ी को एक तरफ से खोद डाला है। इस मामले में कई बार शिकायतें होने के बाद अंतत: शुक्रवार को खनिज विभाग की टीम ने पुलिस के साथ मिलकर छापामार कार्रवाई की।

जिसमें पहाड़ी खोदती 2 एलएंडटी, 5 ट्रेक्टर-ट्रॉली और एक मिनी लोडिंग ट्रक जब्त किया, लेकिन हर बार की तरह इस टीम के हाथ अवैध खनन करने और कराने वाले माफिया नहीं आए। यह पहाड़ी मोतीझील-गोल पहाड़िया बायपास के एंट्री प्वाइंट से 150 मीटर की दूरी पर है।

यहां पुलिस का चेकिंग प्वाइंट है, लेकिन माफिया 2 वर्ष से पहाड़ खोदकर मुरम सप्लाई कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार यहां प्लॉटिंग कर रहे भाजपा नेता रघुवीर राय द्वारा अवैध खनन की जानकारी अफसरों को मिली है। लेकिन उनका नाम आने के बाद कार्रवाई को अज्ञात की दिशा में मोड़ दिया गया है।

पेड़ उखाड़े, पहाड़ी खोदकर समतल किया

मोतीझील बायपास से 150 मीटर अंदर रक्कस पहाड़ी का एक मुख्य सिरा है। जिसमें अकबरपुर गुजपता से सटे शंकरपुर के शासकीय सर्वे क्रमांक 1005 में मौजूद पहाड़ को माफिया ने पोकलेन व जेसीबी मशीन से खोदकर समतल कर दिया है।

2 वर्ष से यहां अवैध खनन में सैकड़ों पेड़ काट दिए गए, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इस पहाड़ को कई दशक से खोदकर समतलकर कई अवैध मकान पहाड़ की जमीन पर बन चुके हैं। जबकि, इस पहाड़ पर शहर को पानी सप्लाई करने वाली रक्कस टंकी मौजूद है और इस तरह के खनन से इस टंकी पर भी खतरा मंडराया हुआ है।

10 बार शिकायतें, अब कार्रवाई में दोषी छोड़े

मोतीझील निवासी मधु राय इस मामले को लेकर 16 जनवरी 2023 से 5 जनवरी 2026 तक 10 बार शिकायतें कर चुकी हैं। मधु ने बताया कि अकबरपुर गुजपता 15 बीघा 19 बिस्वा भूमि के 1/3 भाग रकवे पर मेरा नाम राजस्व में दर्ज है। जिस पर हरे-भरे वृक्ष थे। इनको रघुवीर राय (भाजपा नेता), सतीश राय, बाबू लाल, साधुराम, रामकृपाल, विष्णु, कल्बे राय जबरन मशीनों से पेड़ों को उखाड़कर मुरम का अवैध खनन कर रहे हैं। इस भूमि पर के क्रय विक्रय पर 5 दिसंबर 2024 को रोक लगाई है।

मशीन-वाहन पकड़े, इनके जरिए माफिया तक पहुंचेेंगे

मोतीझील पहाड़ी के एक हिस्से में कार्रवाई करते हुए 2 एलएंडटी मशीनें, 5 ट्रेक्टर-ट्रॉली व एक मिनी लोडर पकड़ा है। इनके जरिए पहाड़ से मुरम खोदी जा रही थी। मौके पर खनन करने या कराने वाले नहीं मिले, अब जो मशीनरी-गाड़ियां छुड़ाने आएंगे। उनके जरिए लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। – घनश्याम यादव, प्रभारी खनिज अधिकारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *