इंदौर में मौतों के बाद हटाए गए निगमायुक्त का ‘प्रमोशन’ 26 IAS अफसरों के तबादले !
इंदौर दूषित जल कांड में नगर निगम कमिश्नर पद से हटाए गए दिलीप यादव को 16 दिन के भीतर ही ‘प्रमोशन’ से नवाजा गया है। यादव को अब मध्य प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम का प्रबंध संचालक (एमडी) बनाया गया है। इससे पहले उन्हें पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में उप सचिव बनाकर भोपाल भेजा गया था। उनकी जगह क्षितिज सिंघल को इंदौर नगर निगम का कमिश्नर बनाया गया था।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दावोस यात्रा पर रवाना होने से ठीक पहले रविवार शाम को 26 IAS अफसरों के तबादले किए गए हैं। उमाकांत उमराव (1996 बैच) से खनिज साधन विभाग वापस ले लिया गया है। वे पशुपालन एवं डेयरी विभाग के प्रमुख सचिव बने रहेंगे।
वहीं, विशेष गढ़पाले (2008 बैच) सचिव, ऊर्जा विभाग एवं एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी, जबलपुर के साथ मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। तरुण राठी (2010 बैच) को आयुक्त, स्वास्थ्य सेवाएं से हटाकर आयुक्त, आदिवासी विकास बनाया गया है। वहीं, शोभित जैन को खाद्य विभाग के सचिव पद से पशुपालन विभाग के प्रमुख सचिव पद पर भेजा गया है।
देखिए, किस अधिकारी को कहां भेजा…




सीनियर अफसरों पर जताया विश्वास
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपर मुख्य सचिवों और प्रमुख सचिवों के अतिरिक्त प्रभार के मद्देनजर सीनियर अफसरों पर विश्वास जताया है। प्रमुख सचिव से निचले स्तर के कई सचिवों को पहली बार स्वतंत्र रूप से विभागों का प्रभार मिला है। इनमें शोभित जैन, स्वतंत्र कुमार, इलैया राजा, जॉन किंग्सले, आलोक सिंह और श्रीमन शुक्ला भी शामिल हैं।
स्वास्थ्य विभाग में तीन अधिकारियों की पदस्थापना की गई है। इनमें धनराजू एस, राहुल हरिदास, दिशा नागवंशी शामिल हैं।

