देश में कौन सा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट है सर्वश्रेष्ठ?
देश में कौन सा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट है सर्वश्रेष्ठ? विंग्स इंडिया-2026 में मिला ‘बेस्ट एयरपोर्ट ऑफ द ईयर’ का अवाॅर्ड
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) को विंग्स इंडिया 2026 में ‘बेस्ट एयरपोर्ट ऑफ द ईयर’ का सर्वोच्च सम्मान मिला है। इसे उत्कृष्ट यात्री अनुभव, परिचालन दक्षता और भविष्य की तकनीकों में नवाचार के लिए पुरस्कृत किया गया। हवाई अड्डे ने पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के लिए ‘सस्टेनेबिलिटी चैंपियन’ का खिताब भी जीता। जीएमआर एयरो टेक्निक को ‘बेस्ट एमआरओ सर्विसेज’ का पुरस्कार मिला, जो भारत के विमानन क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा दे रहा है।
- दिल्ली एयरपोर्ट को ‘बेस्ट एयरपोर्ट ऑफ द ईयर’ सम्मान मिला
- उत्कृष्ट यात्री अनुभव, दक्षता और नवाचार के लिए पुरस्कृत
- पर्यावरण के लिए ‘सस्टेनेबिलिटी चैंपियन’ का खिताब भी जीता
नई दिल्ली। नागरिक उड्डयन कार्यक्रम विंग्स इंडिया-2026 में आईजीआई एयरपोर्ट ऑपरेटर दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) ने परचम लहराया है।
हैदराबाद में आयोजित देश के सबसे बड़े नागरिक उड्डयन के कार्यक्रम में दिल्ली एयरपोर्ट को उत्कृष्ट यात्री अनुभव, बेहतरीन परिचालन दक्षता और भविष्य की तकनीकों के साथ नवाचार (इनोवेशन) के लिए बेस्ट एयरपोर्ट ऑफ द ईयर के सर्वोच्च सम्मान से नवाजा गया है।
बृहस्पतिवार को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के राममोहन नायडू ने जीएमआर समूह की टीम को यह पुरस्कार प्रदान किया।केवल संचालन ही नहीं, बल्कि पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए दिल्ली एयरपोर्ट ने सस्टेनेबिलिटी चैंपियन का पुरस्कार भी अपने नाम किया। नवीकरणीय ऊर्जा को अपनाने, जल संरक्षण और कार्बन तटस्थता की दिशा में किए गए ठोस प्रयासों के कारण इसे वैश्विक स्तर पर मान्यता मिली है।
बेस्ट एमआरओ सर्विसेज के लिए जीएमआर को पुरस्कार
एयरपोर्ट द्वारा स्मार्ट डिजिटल यात्री सुविधा और क्षमता विस्तार में लगातार निवेश किया जा रहा है, जिससे बढ़ते ट्रैफिक को बिना किसी बाधा के संभाला जा सके। वहीं जीएमआर एयरो की सफलता को और मजबूती देते हुए हैदराबाद स्थित इसकी सहायक कंपनी जीएमआर एयरो टेक्निक को बेस्ट एमआरओ सर्विसेज का पुरस्कार दिया गया।
हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर संचालित यह अत्याधुनिक केंद्र विमानों के रखरखाव और मरम्मत के लिए विश्व स्तरीय सुविधाएं प्रदान करता है। यह केंद्र न केवल भारत के 14 हवाई अड्डों पर अपनी सेवाएं दे रहा है, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के विजन को आगे बढ़ाते हुए रखरखाव के लिए विदेशों पर निर्भरता को भी कम कर रहा है।
जीएमआर एयरो के बिजनेस चेयरमैन जीबीएस राजू ने इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि विंग्स इंडिया में मिली यह दोहरी पहचान हमारे एकीकृत विमानन रणनीति की जीत है।
उन्होंने कहा कि हम भारत के तेजी से बढ़ते विमानन पारिस्थितिकी तंत्र के अनुरूप भविष्य के बुनियादी ढांचे के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं। विंग्स इंडिया 2026 का आयोजन नागरिक उड्डयन मंत्रालय, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) और फिक्की (एमआईसीसीआई) द्वारा संयुक्त रूप से किया गया है, जिसमें दुनिया भर के विमानन विशेषज्ञों ने शिरकत की।
