पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष पर 2 लाख रु. हड़पने का आरोप, बीच सड़क पर पीटा और कपड़े भी फाड़ दिए
पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश झा पर लक्ष्मण ताल निवासी विनीत विश्वकर्मा नामक व्यक्ति ने शासकीय ठेका दिलाने के नाम पर दो लाख रुपए हड़पने का आरोप लगाया है। यही नहीं, कांग्रेस नेता के साथ गुरुवार को सुबह झांसी चुंगी हाईवे पुल के नीचे लात घूसों से मारपीट भी की गई और कपड़े भी फाड़ दिए। इसके बाद कोतवाली में झा के खिलाफ आवेदन देकर शिकायत भी की गई। पुलिस ने आवेदन की जांच शुरू कर दी है।
गुरुवार को सुबह पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष झा को कुछ लोगों ने हाईवे पुल के पास रोक लिया और बुरी तरह पीटा। मारपीट में झा के कपड़े भी फट गए। इसके बाद एक आवेदन लक्ष्मण ताल निवासी विनीत ने कोतवाली में दिया। आवेदन में बताया कि पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष झा ने जनवरी 2019 में विनीत विश्वकर्मा से शासकीय ठेका दिलाने के लिए दो लाख रुपए लिए थे, लेकिन आज तक न ठेका दिलाया न पैसे वापस किए। पैसे मांगने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी दी गई। आवेदक ने बताया कि गुरुवार को वह सुरेश झा के घर पैसा मांगने पहुंचा तो उसके साथ झा व उसके लड़के ने गाली गलौज कर मारपीट कर धमकी दी और कहा कि कोई पैसा नहीं देंगे।
पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष पर पूर्व में दर्ज हो चुका है ठगी व यौन शोषण का केस
पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष झा पर यह पहला आरोप नहीं है। इससे पहले अक्टूबर 2019 में जब झा शहर अध्यक्ष थे और कमलनाथ सरकार थी, तब कांग्रेस की ही महिला पदाधिकारी ने 17 लाख रुपए ठगने और झांसे में रखकर दुष्कर्म करने का प्रकरण दर्ज कराया था। झा इस मामले में जेल में भी रहे थे। गुरुवार को झा पर दो लाख रुपए हड़पने का आरोप लगा और इसी को लेकर बीच हाइवे पर कुछ लोगों ने उनको लात घूसों से बुरी तरह पीटा और कोतवाली में आवेदन देकर शिकायत भी की।
उधर… पूर्व जिलाध्यक्ष के बेटों पर इनाम घोषित
27 अगस्त को पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष नाहर सिंह यादव के बेटे हर्ष यादव और नाती शुभानू यादव ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर पंकज शुक्ला की गली निवासी शहजाद खान की हत्या कर दी थी। वारदात के बाद से ही आरोपी घर पर ताले लगाकर फरार हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसपी ने 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। कोतवाली टीआई रविंद्र शर्मा ने कांग्रेस नेता की संपत्ति कुर्क करने को लेकर तहसीलदार को पत्र लिखकर संपत्ति की जानकारी मांगी है।
एक साल में कई कांग्रेसियों पर आपराधिक केस
- 1. 19 अक्टूबर 2019 को शहर कांग्रेस अध्यक्ष रहते सुरेश झा पर महिला ने 17 लाख रु. ठगने और शारीरिक शोषण का केस दर्ज कराया।
- 2. 27 अक्टूबर 2020 को पंडोखर थाने में जिला पंचायत सदस्य रामकिंकर सिंह गुर्जर पर मारपीट का प्रकरण दर्ज हुआ।
- 3. मई 2021 में कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष सत्येंद्र नारायण पर उन्हीं के कार्यकर्ता ने एससी-एसटी एक्ट का केस दर्ज कराया था।
- 4. अक्टूबर 2020 में सराफा व्यापारी संघ के अध्यक्ष व कांग्रेस नेता राधेश्याम अग्रवाल पर 6 हजार वर्ग फीट जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगा, पुलिस ने घर पर दबिश दी।
- 5. युवक कांग्रेसी आदिल खान पर दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज हुआ।
- 6. अप्रैल 2021 में कांग्रेस जिलाध्यक्ष अशोक दांगी पर मारपीट करने का प्रकरण भोपाल में दर्ज कराया गया।
- 7. अगस्त 2020 में वरिष्ठ कांग्रेस नेता स्व. मुरारीलाल पर धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज हुआ।
- 8. 27 अगस्त को कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष नाहर सिंह यादव के बेटे और नाति पर शहजाद हत्याकांड का प्रकरण दर्ज हुआ।
मुझे पीटा और मेरे खिलाफ ही शिकायत की
सुबह 10 बजे बृजेश दुबे ने अन्य पांच लोगों के साथ मिलकर कट्टा और डंडों से हमारी मारपीट की। हमारा मोबाइल और पांच-छह सौ रुपए भी छीन ले गए। गाड़ी भी तोड़ दी और हमारे खिलाफ ही शिकायत कर दी। अगर हमने रुपए लिए हैं तो दस्तावेज पेश करें। हमने किसी से रुपए नहीं लिए।
सुरेश झा, पूर्व शहर अध्यक्ष, कांग्रेस