बड़ी टीस:20 से 24 साल की 31.3% महिलाओं ने कहा- उनकी शादी 18 साल से पहले हो गई, 15-19 साल की 7.6% महिलाएं गर्भवती

  • एनएफएचएस-5 के चौंकाने वाले आंकड़े, सिर्फ 23.8% महिलाएं ही 10 साल से ज्यादा पढ़ाई कर रहीं, माहवारी में सुरक्षित सैनिटेशन अपनाने वाली महिलाएं 45.9 से बढ़कर 59.6% हुईं

हमारे शहर में लिंगानुपात बढ़ा है… 5 साल में बेटों से ज्यादा बेटियां जन्म ले रही हैं लेकिन बड़ी टीस अब भी बाकी है। जी हां, चाहे 18 साल से पहले की उम्र में शादी हो या फिर 19 साल या उससे कम उम्र में ही गर्भवती होने के मामले, हमारी स्थिति में बहुत चौंकाने वाला सुधार नहीं हुआ है। शिक्षा पर भी सवाल है क्योंकि जिले में 23.8% महिलाएं तो 10 साल से ज्यादा पढ़ाई भी नहीं कर पा रही हैं।

ये आंकड़े नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे-5 के हैं। इसमें 20 से 24 साल की 31.3% महिलाओं ने बताया कि उनकी शादी 18 साल से पहले ही हो गई थी। 2015-16 के मान से इस आंकड़े में सुधार हैं लेकिन अब भी 31% से ज्यादा आंकड़ा होना चिंतनीय है। 2015-16 में 47.8% महिलाओं ने 18 साल से पहले शादी होना बताया था। वहीं, सर्वे के दौरान 15-19 साल की 7.6% महिलाएं ऐसी भी मिलीं जो कि या तो मां बन चुकी थीं या गर्भवती थीं। इस आंकड़े में भी बड़ा सुधार नहीं है क्योंकि 2015-16 में इस तरह की 8.3% महिलाएं थीं।

6 साल से ज्यादा उम्र की 66% बालिकाएं ऐसी जो स्कूल गईं
सर्वे में 6 साल या उससे ज्यादा उम्र की 66% बालिकाएं ऐसी मिलीं जो कभी ना कभी स्कूल गई थीं। वहीं, 23.8% महिलाओं ने ही माना कि उन्होंने 10 से ज्यादा साल स्कूल अटैंड किया। 2015-16 में ऐसी महिलाएं 17.9% थीं। माहवारी में सुरक्षित सैनिटेशन अपनाने वाली महिलाओं की संख्या बढ़ी है। पहले 45.9% महिलाएं थी, अब 59.6% सुरक्षित सैनिटेशन अपनाती हैं।

ये भी जानना जरूरी… अब लगभग हर घर बिजली से रोशन, आयोडीन युक्त नमक का प्रयोग कर रहे

  • 99% लोगों के घर में बिजली पहुंची है, 5 साल पहले 94.5% लोगों के घर में बिजली थी।
  • 98.8% लोग आयोडीन युक्त नमक का प्रयोग कर रहे हैं, पहले 95.3% लोग कर रहे थे।
  • 37.9% लोग हेल्थ इंश्योरेंस और फायनेंस स्कीम का उपयोग कर रहे हैं, 2015-16 में 7% ही थे।
  • 10.9% बच्चे 5 साल के ऐसे हैं जिन्होंने प्री-प्राइमेरी स्कूल अटैंड किया।
  • 80.2% गर्भवती महिलाएं पहली तिमाही में ही जांच के लिए पहुंच रहीं, पहले 54.1% पहुंच रही थीं।
  • 66% महिलाएं गर्भधारण के दौरान फॉलिक एसिड और आयरन का प्रयोग कर रही।
  • 15 साल से ज्यादा उम्र की 3.9% महिलाएं किसी भी प्रकार की तंबाकू का प्रयोग कर सकती है।
  • 15 साल से ज्यादा उम्र के 33.9% पुरुष तंबाकू का प्रयोग करते हैं।
  • 0.9% महिलाएं 15 साल से ज्यादा उम्र की ऐसी हैं, जो कि एल्कोहल का सेवन करती हैं।
  • 15.6% पुरुष 15 साल से ज्यादा उम्र के ऐसे हैं जो कि एल्कोहल का सेवन करते हैं।

सामाजिक स्तर पर सुधार की जरूरत

धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। आंकड़ों में असर भी दिखा है लेकिन, शादी के मामले में सामाजिक स्तर पर बड़े सुधार की अब भी जरूरत है। अलग-अलग टीमें लगातार काम करती हैं। एजुकेशन बढ़ा है। उम्मीद है आने वाले समय में बड़ा सामाजिक बदलाव भी देखने को मिलेगा। -रजनीश अग्रवाल, डीपीओ, रतलाम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *