इंदौर….. शहर में अपराधियों के हौसले बुलंद ….. छह घंटे में 5 लूट, निशाने पर महिलाएं; एक जैसा तरीका, पीछे से बाइक पर आए, झपट्‌टा मारकर बैग, मोबाइल लूटे

शहर में गुरुवार को दोपहर से शाम तक छह घंटे में पांच लूट हुई। इससे पहले बुधवार को चार लूट की घटनाएं हुई थीं। इन्हें मिलाकर शहर में 24 घंटे में ही लूट की नौ घटनाएं हो चुकी हैं। एक मामले में पूर्व प्रिंसिपल ने हिम्मत दिखाई तो दो लुटेरे पकड़ में आए हैं। बाकी में कुछ के सिर्फ सीसीटीवी फुटेज मिले हैं।

घटना 1 : दोपहर 1.30 बजे- बैग खींचने से गिरी वकील, कंधा फ्रेक्चर, आंख में चोट

महिला वकील अनामिका सेंगर एक्टिवा से जा रही थीं। निपानिया चौराहे के पास पीछे से बाइक सवार दो बदमाश आए। वकील के कंधे पर टंगे बैग पर झपट्‌टा मारा। वे गिर पड़ीं। कंधे में फ्रैक्चर हुआ। आंख के पास भी चोट आई। बदमाश भाग निकले।

घटना 2 : दोपहर 3 बजे- लोग देखते ही रह गए और बदमाश बैग लूटकर ले गए

मनीषा गुप्ता भाभी के साथ एक्टिवा से जा रही थीं। एसजीएसआईटीएस कॉलेज व राजकुमार ब्रिज के बीच दो बदमाश आए। मनीषा को झपट्टा मारते हुए बैग छीनकर ले गए। बैग में छह हजार रुपए और अन्य सामान था। लोग देखते रहे।

घटना 3 : शाम 5 बजे- शिक्षिका ने पर्स नहीं छोड़ा दूर तक घिसटती गईं

एमआईजी क्षेत्र के अनूप नगर में गुजराती स्कूल की शिक्षिका किरण देसाई पैदल घर जा रही थीं। तभी एक्टिवा सवार दो बदमाशों ने उनका पर्स खींचा। किरण ने पर्स नहीं छोड़ा तो कई फीट तक घिसटती रही। पुलिस को गाड़ी पर जा रहे दोनों बदमाशों के फुटेज मिले हैं।

घटना 4 : शाम 6 बजे- टीआई की रिश्तेदार का मोबाइल लूटकर ले गए

भोपाल से ट्रांसफर होकर आए टीआई धनेंद्र भदौरिया की रिश्तेदार छात्रा साक्षी सिसौदिया निवासी गुना बॉम्बे हॉस्पिटल तरफ से स्कीम 74 के लिए एक्टिवा पर मोबाइल से बात करते हुए निकली थीं। सत्यसाईं स्कूल के पास पीछे से दो बदमाश आए और झपट्टा मारकर मोबाइल लूट ले गए।

इनको सैल्यूट– 59 साल की पूर्व प्रिंसिपल ने बदमाश को मारी लात, घेराबंदी कर पकड़वाया

चेन लूटने आए बदमाशों को 59 साल की पूर्व प्रिंसिपल साधना भावसार ने सबक सिखाया। राजेंद्र नगर स्थित सिलिकॉन सिटी में गुरुवार दोपहर 12.30 बजे पीछे से आए एक बदमाश ने गले से चेन खींच ली और भागने लगा। साधना ने बदमाश का हाथ पकड़ लिया। बदमाश ने हमला करना चाहा, तो उन्होंने उसके पेट में लात मार दी। बदमाश साथी की बाइक पर बैठकर भागने लगा तो उन्होंने शोर मचाया। पुलिस व रहवासियों ने घेराबंदी कर दोनों बदमाशों को पकड़ लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *