नई गाइड लाइन …… ग्वालियर में 40 फीसदी लोकेशन मर्ज होने पर जमीन की कीमतें 20 फीसदी तक बढ़ेंगी

  • उप मूल्यांकन समिति की बैठक में बोगस, समान रेट वाली लोकेशन मर्ज करने पर सहमति

दो बैठक और दो वीसी से यह साफ हो गया है कि अगली बार गाइड लाइन की मौजूदा 3649 लोकेशन में से 40 फीसदी कम हो जाएंगी। जो लोकेशन हटेंगी वहां के रेट आसपास के मंहगे इलाके के आधार पर तय होंगे न कि कम रेट वालों के आधार पर। इससे साफ है कि वर्ष 2022-23 में जमीन की कीमतों में करीब 20 फीसदी तक की वृद्धि तय है।

यह तथ्य अभी उप मूल्यांकन समिति व विभाग से उप पंजीयकोंं को मिले निर्देश पर अब तक के होमवर्क से साफ हो गया है। यह भी साफ है कि कीमतों में वृद्धि के प्रस्ताव मंजूर करने न करने पर अंतिम निर्णय जिला व केंद्रीय मूल्यांकन समिति ही लेगी।

शुक्रवार को उप मूल्यांकन समिति की दूसरी बैठक में पांचों उप पंजीयकों ने अध्यक्ष व एसडीएम अनिल बनवारिया के सामने अब तक जो होमवर्क हुआ है उस पर चर्चा की। बनवारिया ने प्रस्ताव पर सहमति दी और कहा कि अब अगली बैठक 4 जनवरी को होगी।

मुख्य सड़कों पर भी तय होंगी कीमत

  • वार्ड-5 के एबी रोड की दर।
  • वार्ड 13 में तानसेन नगर मुख्य रोड।
  • वार्ड 34 में रामदास घाटी-शिंदे की छावनी रोड।
  • वार्ड 63 में एबी रोड के रेट खुलेंगे।

बैंक लोन के कारण 1650 लोकेशन पर रेट में अंतर

बैठक में बताया गया कि करीब 1650 लोकेशन ऐसी हैं जिनके दस्तावेज 10 से 900 फीसदी तक ज्यादा पर रजिस्टर्ड हुए हैं। ये दस्तावेज बैंक लोन के कारण ज्यादा कीमत पर रजिस्टर्ड हुई हैं। बैठक में वरिष्ठ उप पंजीयक दुष्यंत दीक्षित ने कहा कि इन दस्तावेज की जांच के बाद भी रेट में कुछ सुधार हो सकता है।

ऐसे समझें.. प्रस्तावित सुधार

239 लोकेशन पर छह साल में एक भी रजिस्ट्री नहीं हुई है, इनमें से 200 लोकेशन हटेंगी। कुछ ऐसी कॉलोनियों के रेट भी गाइड लाइन में हैं जो अस्तित्व में नहीं है। इन्हें हटाया जाएगा। 100 से अधिक बोगस अर्थात एक मोहल्ले में दो-दो नाम वाली लोकेशन भी नए साल में नहीं रहेंगी।

सराफा बाजार के पीछे बैरागपुरा में वहां की गलियों के हिसाब से रेट तय होंगी। हुजरात वर दोनों रोड पर कीमत एक होंगी। अभी ललितपुर कॉलोनी व बस्ती दो लोकेशन हैं, रेट में काफी अंतर है। बस्ती की लोकेशन खत्म होगी। महल परिसर की कॉलोनियों में 10 रेट हैं। बैठक में इन्हें बसंत विहार की तरह रखने पर सहमति बनी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *