जालौन में भाजपा नेता ने युवक को मारी गोली:गाली देने से कर रहा था मना, साथियों के साथ मिलकर अवैध तमंचे से मारी गोली

जालौन में सत्ता के नशे में चूर भाजपा के माधौगढ़ विधानसभा मंडल के अध्यक्ष ने एक युवक को गोली मार दी। युवक गाली-गलौच करने से मना कर रहा था, जिसके बाद भाजपा के मंडल अध्यक्ष ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक को गोली मार दी। हमले में वो गंभीर रूप से घायल हो गया। नाजुक हालत में युवक को कोंच के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने हालत देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज झांसी के लिए रेफर कर दिया है।

घर के बाहर आग ताप रहा था पीड़ित

मामला कोंच कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भदेवरा का है। भदेवरा के रहने वाले मानू पुत्र अशरफ घर के बाहर रात में 11 बजे के करीब आग ताप रहे थे। तभी गांव के रहने वाले भाजपा के मंडल अध्यक्ष गुड्डन पटेल पुत्र रामकिशन, पप्पू पुत्र मनीराम, गया प्रसाद उर्फ पप्पू तथा हरी पुत्रगण लक्षीराम घर के बाहर से निकले। वो लोग बाहर आग ताप रहे मानू के साथ गाली गलौज करने लगे। जिसका उसने विरोध किया।

मौके से हुआ फरार

जिसके बाद भाजपा के मंडल अध्यक्ष गुड्डन पटेल ने अवैध तमंचे से उसको गोली मार दी। गोली युवक के पैर में लग गई। गोली की आवाज सुनकर घर के अन्य लोग बाहर निकल आए। परिजनों को आता देख भाजपा मंडल अध्यक्ष अपने साथियों के साथ मौके से भाग गया।

मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर

मानू को जब उसके भाई शानू ने लहूलुहान हालत में देखा, तो तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोंच में इलाज के लिए भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने हालत देखते हुए उसका प्रथम उपचार कर दिया, लेकिन नाजुक हालत होने के कारण तत्काल उसे मेडिकल कॉलेज झांसी के लिए रेफर कर दिया।

पुलिस ने दर्ज किया केस

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची। पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। मामले में पीड़ित के भाई शानू की तहरीर के आधार पर वारदात को अंजाम देने वाले भाजपा नेता गुड्डन पटेल, पप्पू, गया प्रसाद तथा हरि के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *