महिलाओं को लुभाने की मारामारी … चौपाटी पर LED वैन की चर्चा, टोले-मोहल्लों में वॉट्सऐप ग्रुप, स्मार्ट हुआ UP चुनाव

यूपी विधानसभा के चुनाव प्रचार के डिजिटल होते ही सभी राजनीतिक दलों ने कमर कस ली है। सभी दलों के बीच महिला वोटरों को लुभाने की होड़ लगी है। कहीं पर चौपाटी-चौराहों पर LED वैन से प्रचार हो रहा है तो कहीं पर महिला कार्यकर्ताओं के स्पेशल सेल बनाए जा रहे हैं। वर्चुअल हो या रियल प्रचार दोनों ही तरीकों में सरकार बनाने के लिए पार्टियां महिला वोटरों पर ही निर्भर रहेंगी।

चुनाव आयोग ने राजनीतिक दलों की चुनावी रैलियों पर रोक लगा दी है। हालांकि पार्टियों के लिए डोर-टू-डोर कैंपेन का ऑप्शन खुला है। पार्टियां अपनी महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं को डोर-टू-डोर कैंपेन में फ्रंट वर्कर के तौर पर खड़ा कर रही हैं ताकि लोगों के घरों में एंट्री ले सकें।

भास्कर वुमन की टीम ने चुनावी तैयारियों में जुटे दलों के प्रतिनिधियों से जानने की कोशिश की कि नेताजी की लिस्ट में महिला वोटर्स कहां पर हैं।

ब्लॉक और बूथ लेवल तक पहुंचा स्मार्टफोन प्रचार
भारतीय जनता पार्टी की चुनावी जीत के पीछे उसका ब्लॉक और बूथ लेवल को मैनेज करना माना जाता रहा है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता आनंद दुबे बताते हैं कि पार्टी ने ब्लॉक और बूथ लेवल पर टोलियां हैं। हर टोली में चार-पांच लोग हैं। इसमें महिला कार्यकर्ता भी हैं। महिलाएं ही सीधे महिला से बात करती हैं तो हमारा जुड़ाव मजबूत होता है। हम सामने भी और फोन पर भी महिलाओं को सरकारी योजनाएं दिखाते हैं।

आपके घर तक आएंगे नेताजी के भाषण
इनके अलावा प्रदेश महिला मोर्चा की टीम से अलग टोलियां जाती हैं जो महिलाओं से अलग से मुलाकात करती हैं। गांव की महिलाओं से मिलकर उनके नंबर लेती हैं और ब्लॉक स्तर पर वॉट्सऐप ग्रुप बनाती हैं। इन ग्रुप में पार्टी के बड़े नेताओं के भाषण के वीडियो शेयर किए जाते हैं। महिलाओं से जुड़ी सरकारी योजनाएं और इस चुनाव में महिलाओं से जो वादे किए जा रहे हैं वह शेयर किए जाते हैं।

इस बार LED वैन बनेगी नेताजी की सवारी
राजनीतिक पार्टियां फेसबुक, ट्विटर, यूट्यूब और तमाम सोशल मीडिया साइट्स से जनता तक आईटी सेल तैयार किए हैं। मगर गांव की वह जनता जिनके पास मोबाइल फोन नहीं है उन तक पहुंचने की डिजिटल स्ट्रैटजी पर बात करते हुए बीजेपी प्रवक्ता आनंद कहते हैं पार्टी कुछ दिनों में एलईडी वैन चलाने वाली है। इसमें पार्टी के बड़े नेताओं के भाषण के वीडियो चलेंगे। ये वैन गांव की खास जगहों और मार्केट तक जाएगी। इससे ज्यादा भीड़ भी नहीं जुटेगी और हमारी बात जनता तक पहुंच जाएगी।

गांव - गांव पहुंचेगी एलईडी वैन, होगा प्रचार।
गांव – गांव पहुंचेगी एलईडी वैन, होगा प्रचार।

सपा ने की है महिलाओं की टीम तैयार
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और प्रदेश प्रवक्ता राजीव राय बताते हैं कि हम महिला शक्ति का सम्मान करते हैं। हमारी पार्टी की महिला मोर्चा की टीम प्रदेश के 70% जिलों का दौरा कर चुकी है। फिलहाल डोर-टू-डोर कैंपेन में महिला कार्यकर्ता सबसे आगे हैं। वे महिलाओं को पेंशन स्कीम और महिला सुरक्षा के मुद्दे पर जागरूक कर रही हैं।

पार्टी की आईटी सेल टीम में भी इस समय करीबन एक तिहाई महिला कार्यकर्ता जुड़ी हैं। ये सोशल मीडिया के जरिए महिला वोटर्स तक पहुंच रही हैं। उन्हें अखिलेश सरकार में महिलाओं के लिए किए गए काम याद दिला रही हैं।

AAP बनाएगी महिलाओं का अलग वॉट्सऐप ग्रुप
आम आदमी पार्टी इस बार उत्तर प्रदेश के चुनावी मैदान में उतरी है। आप प्रवक्ता अशोक कमांडो का कहना है कि हर प्रवक्ता के साथ 25 टोलियां हैं। हर टोली में चार लोग हैं। ये डोर-टू-डोर कैंपेन कर रहे हैं। इनमें 5 टोलियां महिला कार्यकर्ताओं की हैं, जो कि सिर्फ उस गांव की महिलाओं से संपर्क करती हैं।

जिनके पास मोबाइल फोन है उनका मोबाइल नंबर लेकर महिलाओं और पुरुषों का अलग- अलग वॉट्सऐप ग्रुप बनाया जा रहा है। जहां पार्टी के मैनिफेस्टो को शेयर किया जा रहा है। जिनके पास मोबाइल फोन नहीं है उन तक पार्टी एलईडी ऑटो लेकर जाएगी। यह ऑटो गांव के मुख्य मार्केट में जाएंगे और पार्टी नेताओं की बात महिलाओं तक पहुंचाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *