यमुना एक्सप्रेस-वे पर अब 100 किमी/घंटे की स्पीड से चला सकेंगे वाहन, कोहरे के कारण लगा प्रतिबंध हटाया

यमुना एक्सप्रेसवे पर फिर 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गाड़ियां फर्राटा भर सकेंगी। रफ्तार पर लगा प्रतिबंध 15 फरवरी से हटा लिया गया है। आगरा के खंदौली टोल प्लाजा प्रभारी मेजर मनीष ने बताया कि 15 दिसंबर को यमुना एक्सप्रेस-वे प्राधिकरण ने कोहरे से हो रहे हादसों को देखते हुए प्रतिबंध लगाया था।

जिसके तहत हल्के वाहनों की रफ्तार 100 से घटाकर 80 किलोमीटर प्रति घंटे और भारी वाहनों की गति सीमा 60 से घटाकर 50 किलोमीटर प्रति घंटे कर दी गई थी। 15 फरवरी से इस प्रतिबंध को हटा लिया गया है। अब फिर से वाहन एक्सप्रेस-वे पर 100 किलीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकेंगे। टोल प्रभारी ने बताया प्रतिबंध हटते ही मंगलवार को वाहन तेज रफ्तार से निकलने लगे हैं।

रोजाना 1200 वाहन गुजरते थे ओवर स्पीड

यमुना एक्सप्रेस-वे के टोल प्रभारी ने बताया कि यहां से रोजाना 22 से 26 हजार वाहन गुजरते हैं। 15 दिसंबर से वाहनों की रफ्तार को भले ही प्रतिबंधित किया गया था। इसके बाद भी रोजाना 1000 से 1200 वाहन ओवर स्पीड से गुजर रहे थे। हाईवे पर स्वचालित लगे स्पीड कैमरे ओवर स्पीड वाहनों की गति स्कैन कर उसके डाटा को संबंधित आरटीओ कार्यालय भेज देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *