शहर में 5015 संस्थान, फायर एनओसी 4800 के पास नहीं, नोटिस सिर्फ 500 को

नगर निगम प्रशासन आम लोगों के जिंदगी से खिलवाड़ कर रहा है। 423 वर्ग किलोमीटर के नगरीय क्षेत्र में 5015 निजी संस्थान, दुकानें, फैक्ट्री, अस्पताल एवं सरकारी संस्थान हैं। इनमें से सिर्फ 215 संस्थानों के पास ही फायर एनओसी है।

ऐसे में लगभग 4800 संस्थान हैं, जिन्होंने फायर एनओसी लेना ही उचित नहीं समझा। इसके बाद भी नगर निगम प्रशासन ने सिर्फ 500 संस्थानों को ही एनओसी के लिए नोटिस दिए हैं। हालांकि नोटिस के बाद इन संस्थानों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। जबकि ऐसे संस्थानों को सीज करने तक के प्रावधान हैं।

इन दिनों पारा 46 डिग्री के आसपास चल रहा है। ऐसे में लगातार ग्रामीण क्षेत्र में आग की घटनाएं हो रही हैं। शहर में भी औसतन हर दिन 3 से 4 फायर कॉल आ रहे हैं। इसके बाद भी निगम प्रशासन गंभीर नहीं है। गौरतलब है कि निगम ने आठ फायर कंसल्टेंट रखे हैं। इनके माध्यम से ऑनलाइन आने वाले प्रकरणों को ही मान्य किया जाता है।

अहमदनगर हादसे के बाद सक्रिय हुआ था अमला

निगम का फायर अमला 6 नवंबर 2021 को अलर्ट दिखाई दिया था। अहमदनगर के अस्पताल में आग की घटना के तुरंत बाद रात को ही फायर अमला सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में जा पहुंचा था। वहां खामियां मिली थीं।

इसके बाद 50 से ज्यादा निजी अस्पतालों में फायर ऑडिट करने रोज टीम गई। कहीं अग्निशमन यंत्र आउट ऑफ डेट, तो कहीं बड़े स्थानों में पानी की टंकियां और हाईड्रेंट तक नहीं मिले। बाहर रखी जाने वाली बजरी की बाल्टियां तक खाली थीं।

जानिए… कब-कब कहां घटनाएं हुईं

  • 24 अप्रैल 2020: एमके सिटी एलेक्जर की बहुमंजिला इमारत में रात में आग लगी थी। यहां 300 परिवार फंस गए थे। यहां के कुछ लोग साड़ी और चादर के सहारे बिल्डिंग से नीचे उतरे थे।
  • 14 मार्च 2020: मौचीओली में हरीश शिवहरे के मकान में आग लगी थी। यहां रहने वाले बुजुर्ग दंपति ने पड़ोसी की छत पर कूदकर जान बचाई थी।
  • 18 मई 2020: रोशनीघर मार्ग पर रहने वाले गोयल परिवार के मकान (पेंट की दुकान) में आग लग गई थी। इसमें सात लोगों की जान चली गई थी।
  • 5 नवंबर 2021: दही मंडी में जूते की दुकान में आग लगी। यहां लालबाबू अग्रवाल बचने के लिए टीन शेड पर चढ़े। पैर फिसलने से घायल हो गए थे।
  • 9 फरवरी 2022: चिटनिस की गोठ बालाबाई के बाजार स्थित हरियंत कॉम्प्लेक्स में सुबह तड़के 3 बजे अचानक एक कपड़े की दुकान में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। धीरे-धीरे आग अगल बगल की 7 दुकानों में और लग गई।
  • 18 मार्च 2022: दर्जी ओली स्थित लड्डू वाली गली में रेडीमेड कपड़ों के गोदाम में आग लगी। इसके बाद तीन दुकानों काे आग ने अपनी चपेट में ले लिया था।

एनओसी प्रकरणों की समीक्षा करेंगे

फायर एनओसी के 500 नोटिस दिए गए हैं। उसके बाद निगम ने क्या एक्शन लिया है। इसकी समीक्षा निगम के फायर विभाग के साथ जाएगी। यदि कोई दोषी है, तो ऐसे संस्थानों को सीज करने का काम भी करेंगे। फायर एनओसी ज्यादा से ज्यादा वक्त के लिए जारी करें। इसके निर्देश फायर अधिकारियों को दिए जाएंगे।-आशीष तिवारी, प्रभारी कलेक्टर एवं प्रभारी आयुक्त नगर निगम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *