ग्वालियर : 8 माह में 109 बलात्कार, इनमें 35 को लिव-इन रिलेशनशिप में ही मिला धोखा

लिवइन का जाल बढ़ा रहा बलात्कार का ग्राफ
गांव में भी लिवइन के क्रेज में अपराध
लिवइन में धोखा, रेप केस दर्ज

ग्वालियर. महिलाओं के साथ अपराधों में इजाफा प्रदेश स्तर पर पुलिस के लिए चुनौती बन रहा है। इनमें बलात्कार की घटनाओं का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। हर दूसरे दिन बलात्कार पीड़िता पुलिस के सामने आ रही है। पिछले 8 महीने में ही देखा जाए तो रेप की वारदातों का ग्राफ तेजी से बढ़ा है। जिला पुलिस के खाते में बलात्कार के 109 से ज्यादा केस आए हैं। इनकी जांच में समने आया है 35 से ज्यादा मामलों में तो महिलाओं का शारीरिक शोषण उनके लिवइन पार्टनर ने किया है। जिनके भरोसे पीड़िताओं ने जिंदगी काटने का सपना बुना था।

आठ दिन पहले आंतरीगांव की युवती ने कंपू थाने आकर बताया घनश्याम किरार के साथ 4 महीने से लिव इन में थी। घनश्याम उसे पत्नी की तरह रखे था। अब शादी के लिए राजी नहीं है। रेप केस की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी कहते हैं लिव इन का क्रेज बड़े शहरों और पॉश कॉलोनियों से निकल कर छोटे शहरों और गांव तक पहुंच चुका है। पिछले तीन महीने में 34 पीड़िताओं ने रेप केस दर्ज कराए हैं। इनमें 12 मामले लिवइन में रह रही पीड़िताओं के हैं। इसके अलावा 10 पीड़िताएं आंतरी, हजीरा, पुरानी छावनी, कंपू की पिछड़ी बस्ती, गिरवाई इलाके की रहने वाली हैं और देहाती परिवेश से जुड़ी हैं। इन पीड़िताओं ने जांच के दौरान माना लिवइन की चकाचौंध में फंसने से धोखा खाया है।

आंतरी की युवती घनश्याम किरार के साथ 4 महीने लिवइन में रही।

हजीरा की महिला 3 महीने रिश्तेदार के साथ रही। रिश्तेदार और तीन दोस्त उसके साथ गैंग रेप करते रहे।

जगदीश तिवारी बहोड़ापुर निवासी युवती के साथ 4 साल लिवइन में रहा। फिर युवती को धोखा दे दिया।

विकास शर्मा ने पुरानी छावनी की युवती को 2 साल लिवइन में रखा फिर नाता तोड़ लिया।

इनके अलावा झांसी रोड निवासी विधवा महिला 4 साल लिवइन में, मंगेतर को लिवइन में रखकर सिपाही ने धोखा दिया, पति से अलगाव कर चुकी महिला को जिंदगी भर साथ देने का वादा कर कबूतर की हाट निवासी विक्रम ने तीन साल लिवइन में रखकर शारीरिक शोषण किया। गिरवाई निवासी महिला के साथ जीतू प्रजापति लिवइन में रहा फिर शादी से मुकरा।

महिलाओं की सुरक्षा के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। महिला संबंधी अपराधों पर पुलिस गंभीरता से कार्रवाई भी करती है। हालांकि बलात्कार की घटनाएं भी लगातार सामने आ रही हैं। इनमें ज्यादातर आरोपी पीड़िताओं के परिचित होते हैं। इसके अलावा लिव इन रिलेश्नशिप में भी रेप केस की शिकायतें बढ़ी हैं। इन घटनाओं के आरोपियों पर पुलिस कार्रवाई भी कर रही है। घटनाओं पर काबू के लिए युवतियों और महिलाओं को भी सर्तक रहना होगा। यह समझना होगा कि उनका परिचित किस हद तक भरोसे के लायक है।

मृगाखी डेका, एएसपी सेंट्रल और नोडल अधिकारी महिला संबंधी अपराध

इस तरह से फंसा कर रेप

पिछले 8 महीने में पुलिस के खाते में आए रेप के 109 मामलों में 55 की स्क्रिप्ट आरोपियों ने हमदर्दी, लालच और शादी के वादे पर लिखी है। उनके झांसे में फंसने वाली महिलाएं नजदीकियों के इरादे नहीं भांप पाईं। आरोपियों ने उनका शारीरिक शोषण कर दूरी बनाई तब पीड़ित ने बलात्कार की शिकायतें कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *