ग्वालियर : निगम की लापरवाही …!
निगम की लापरवाही:मेला मैदान से नहीं उठा कचरा, शहर की सड़कों पर भी गंदगी, स्ट्रीट लाइट गुल
सभा के दूसरे दिन भी पड़ा रहा कचरा।
देश में स्वच्छता की रैंकिंग में पिछडऩे के बाद भी नगर निगम के जिम्मेदार सबक लेने को तैयार नहीं है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के जाने के 24 घंटे बाद भी मेला मैदान में कई जगह कचरा पड़ा रहा। यहीं नहीं शहर की सड़कों पर सोमवार को कचरा नहीं उठाया गया। इधर मेला मैदान के नजदीक दर्शन सिंह मार्ग, राजापंचम सिंह मार्ग इसमें आधी से ज्यााद लाइटें बंद पड़ी हैं।
बैजाताल पर ‘मेरा गौरव, मेरा ग्वालियर’ लाइटिंग स्लोगन भी बंद पड़ा है। एक दिन पहले तक रात में सड़क जगमग हो रही थी। उधर, नगर निगम के जिम्मेदारों का दावा है कि मेला मैदान पर विशेष सफाई कराकर कचरे को एकत्रित कर उठवाया गया है। नगर निगम आयुक्त किशोर कान्याल ने सफाई अमले की सुबह से ही मेले ग्राउंड पर ड्यूटी लगा दी थी। इसके चलते सुबह 6 बजे से वहां पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया।
देखिए…सभा के दूसरे दिन भी मेला मैदान का यह हाल
- छप्परवाला पुल चौराहा: यहां पेशाब घर के और ट्रांसफार्मर के बीच एक ट्राली से ज्यादा कचरा पड़ा हुआ था। इससे छप्परवाला पुल से ऊंट पुल का मार्ग आधा कचरे से ढक गया था।
- ऊंट पुल के नजदीक: यहां मंदिर के नजदीक काफी मात्रा में घर और दुकानों की सफाई का निकला कचरा पड़ा था। इसमें आवारा पशु मुंह मार रहे थे।
- आबकारी कार्यालय के पास: रेल पुल के नजदीक में पड़ाव पर आबकारी विभाग का कार्यालय है। यहां नजदीक में कचरा दिन भर पड़ा रहा।
- निर्धन नगर: फूलबाग गुरुद्वारा से छप्परवाला पुल मार्ग को जोड़ने वाले निर्धन नगर के रास्ते पर कचरे का ढेर लगा हुआ था।
- रोशनी घर: यहां आसपास कचरा गाड़ी के नहीं पहुंचने पर लोगों ने कचरा सड़क पर फेंक रखा था। उसे उठाने के लिए शाम तक कोई वाहन नहीं आया।