बिहार विधानसभा चुनाव परिणाम 14 नवंबर को ही आ गया था। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में नई सरकार बन भी गई। लेकिन, सप्ताह भर बाद भी पार्टियां आश्चर्यजनक जीत-हार के कारण समझ रही है। खासकर पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की पार्टी। चुनाव परिणाम आने के बाद से राष्ट्रीय जनता दल लगातार चुनाव आयोग पर हमला बोल रहा है। अब राजद ने नया आरोप लगया है। जनता दल यूनाईटेड के प्रत्याशी कौशल किशोर और भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी केदार गुप्ता को हासिल हुए वोटों पर ही सवाल उठाया दिया है। राजद ने दोनों को मिले वोटों के अंक की तस्वीर शेयर की। इसमें दोनों को एक ही 107811 अंक मिले हैं।
राजद ने कहा- मास्टर ने दोनों को एक ही जैसे अंक दे दिए
राजद ने भारत निर्वाचन आयोग को एक स्क्रीनशॉट के जरिए घेरने की कोशिश की। राजद सोशल मीडिया पर लिखा कि इन दोनों छात्रों ने मास्टर ज्ञानेश कुमार गुप्ता को खाली कॉपी जमा किया था। मास्टर साहब ने माथापच्ची और भेदभाव किए बिना दोनों को एक जैसे ही अंक दे दिए। राजद ने दोनों नेताओं के वोटों के नंबर का स्क्रीनशॉट शेयर किया। इसमें राजगीर सुरक्षित सीट से जदयू प्रत्याशी कौशल किशोर और कुढ़नी विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी केदार प्रसाद गुप्ता शामिल हैं। दोनों नेताओं को 107811 वोट मिले। कौशल किशोर ने भाकपा माले के प्रत्याशी विश्वनाथ चौधरी को 55428 वोटों से हराया। वहीं केदार प्रसाद गुप्ता ने राजद प्रत्याशी सुनील कुमार सुमन को 9718 वोटों से हराया।
इससे पहले इन चार दिग्गजों के वोटों ने नंबर पर उठाया था सवाल
इससे पहले बिहार के दोनों मौजूदा उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी व विजय कुमार सिन्हा समेत चार भाजपा विधायकों को हासिल मतों पर सवाल उठाया गया था। भारत निर्वाचन आयोग को विपक्षी नेता एक स्क्रीनशॉट के जरिए घेर रहे थे। ‘अमर उजाला’ ने इस वायरल तस्वीर में दिख रहे आंकड़ों को चुनाव आयोग की वेबसाइट से मिला लिया था। वायरल तस्वीर में भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर तारापुर विधानसभा से चुनाव लड़े सम्राट चौधरी को एक लाख 22 हजार 480 वोट मिले हैं। वही लखीसराय सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले विजय कुमार सिंह को एक लाख 22 हजार 408 वोट मिले। छातापुर विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़े नीरज कुमार सिंह को एक लाख 22 हजार 491 वोट मिले। बनमनखी विधानसभा से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़े कृष्णा कुमार ऋषि को एक लाख 22 हजार 494 वोट मिले हैं।