मध्य प्रदेश

सरकार को विपक्ष से ज्यादा अपनों ने घेरा ?

सरकार को विपक्ष से ज्यादा अपनों ने घेरा:सत्ता VS सत्ता पक्ष… 60% सवाल भाजपा विधायकों के, घिरी सरकार

मप्र विधानसभा के चार दिनी शीतकालीन सत्र का गुरुवार को तीसरा दिन था। इन तीनों दिनों में सदन में प्रश्नकाल के दौरान सरकार विपक्ष की बजाय अपने ही विधायकों के सवालों से घिरी रही। यानी सदन में सत्ता पक्ष बनाम विपक्ष की बजाय मामला सत्ता पक्ष वर्सेस सत्ता पक्ष हो गया। ऐसा इसलिए क्योंकि इन तीन दिनों में प्रश्नकाल के 75 सवालों में से 43 सवाल भाजपा विधायकों के थे।

गौरतलब है कि प्रश्नकाल में विधायक प्रदेश और अपने क्षेत्र की जनता से जुड़े सवाल पूछते हैं। सत्र के दौरान हद तो तब हो गई जब खंडवा में बटालियन स्थापित किए जाने के सवाल पर जवाब के दौरान मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल अपनों से ही घिर गए।

दो मंत्री बोले – खंडवा में बिना सुरक्षा त्योहार नहीं मना सकते मंत्री पटेल ने कहा कि खंडवा में बटालियन की कोई जरूरत नहीं है। इस पर भाजपा विधायक कंचन तनवे ने तथ्यों के साथ बताया कि कैसे खंडवा सिमी गतिविधियों का केंद्र बन चुका है। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और विजय शाह ने भी कहा कि खंडवा में बिना सुरक्षा के त्योहार भी नहीं मना सकते।

प्रीतम लोधी का सवाल- उर नहर परियोजना कब तक पूरी होगी? कितने हेक्टेयर में सिंचाई होगी? जवाब- जानकारी एकत्र की जा रही है।

दिनेश राय मुनमुन का सवाल अवैध किराया वसूले जाने से संबंधित था। उनका आरोप था कि सिवनी से नागपुर के 275 रुपए, जबलपुर के 300 रुपए और छिंदवाड़ा का 150 रुपए किराया लिया जा रहा है, जिसका यात्रियों को टिकट भी नहीं दिया जा रहा है।

जवाब- नियमित रूप से इस तरह से जांच की जाती है। एआईटीपी की बसों का परमिट आल इंडिया ट्रांसपोर्ट परमिट राज्य सरकार जारी नहीं करती, यह केंद्र से जारी होता है, जिस पर राज्य सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है। चिंतामणि मालवीय का सवाल था कि राजस्व न्यायालयों में कितने समय तक प्रकरण चलता है। इस बारे में कोई स्पष्ट उत्तर नहीं मिला।

राजेश कुमार शुक्ला का प्रश्न था मरीजों की संख्या की तुलना में सुविधाओं तथा संसाधनों का अभाव है। इस संबंध में निगरानी किए जाने का विभाग के पास कोई प्रस्ताव है। जवाब- नहीं।

प्रश्नों के तीर…

ज्यादातर सवालों का जवाब- जानकारी जुटा रहे हैं

दिलीप परिहार ने पूछा- उज्जैन संभाग में अप्रैल 2020 से कितने उत्कृष्ट खिलाड़ियों को नौकरी दी? जवाब- सिर्फ 37 को। (विधायक परिहार ने खेल विभाग पर प्रश्नचिह्न लगाते हुए सवाल पूछे)

अभिलाष पांडे का सवाल– जबलपुर में पीएम कौशल विकास योजना 4.0 में कितने युवा को प्रशिक्षण? जवाब- 34780 युवाओं को ट्रेनिंग, जिनमें से 6697 को रोजगार मिला। (मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के सवाल पर जवाब आया- ऐसी कोई योजना संचालित नहीं हो रही)

अमर सिंह यादव ने ग्रामीण विकास विभाग में अनुकंपा नियुक्ति से संबंधित सवाल पूछा, जिसका उन्हें संतोषजनक उत्तर नहीं मिला।

राजेंद्र पांडे ने पिपलौदा (जावरा) में पूर्व सीएम द्वारा स्टेडियम की घोषणा से जुड़ा सवाल पूछा। जवाब- ऐसी कोई घोषणा नहीं हुई।

कटनी मामले में 4 भाजपा विधायकों का ध्यानाकर्षण

कटनी-जबलपुर के चार भाजपा विधायक संदीप जायसवाल, संजय पाठक, प्रणय पांडे, अभिलाष पांडे ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर ध्यानाकर्षण लगाया। उनका आरोप है कि हाउिसंग बोर्ड अग्निकांड में शुभम त्रिपाठी पर गलत धाराएं लगाई गईं और पुलिस कस्टडी में कांग्रेस नेता दिव्यांशु मिश्रा द्वारा शुभम से पूछताछ की गई। सरकार ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *