मध्य प्रदेश

शराब ठेकेदार का आत्महत्या…साढ़े 7 लाख रुपए महीना मांग रहीं आबकारी अधिकारी !

शराब ठेकेदार का आत्महत्या से पहले का वीडियो:कहा- साढ़े 7 लाख रुपए महीना मांग रहीं आबकारी अधिकारी; अफसर बोलीं- उसका परिवार ब्लैकमेल कर रहा
शराब ठेकेदार दिनेश मकवाना का आबकारी अधिकारी पर रिश्वत मांगने के आरोप लगाते हुए वीडियो सामने आया है।

देवास में शराब ठेकेदार दिनेश मकवाना ने बीते 8 नवंबर को जहर पीकर आत्महत्या कर ली थी। अब ठेकेदार का एक वीडियो सामने आया है। इसमें उसने आबकारी विभाग की असिस्टेंट कमिश्नर मंदाकिनी दीक्षित पर रिश्वत के लिए परेशान करने का आरोप लगाया है। उन्हें अपनी आत्महत्या के लिए जिम्मेदार बताया है।

दिनेश मकवाना इंदौर में कनाडिया गांव का रहने वाला था। देवास में उसकी शराब की 5 दुकानें थीं। दिनेश के परिजन ने कनाडिया थाने में 29 नवंबर को शिकायत कर मामले की जांच की मांग की थी।

उधर, आबकारी अधिकारी मंदाकिनी दीक्षित ने भी 24 नवंबर को देवास एसपी को आवेदन देकर कहा कि ठेकेदार मकवाना के परिजन उन्हें ब्लैकमेल कर रहे हैं। वे उनसे दो करोड़ रुपए में मामला सेटल करने की बात कह रहे हैं।

वीडियो में ये कह रहा शराब ठेकेदार

मैं दिनेश मकवाना देवास जिले में शराब दुकान चलाता हूं। चापड़ा, करनावद और डबल चौकी…तीन ग्रुप हैं। मेरे पास 14 करोड़ का काम है। यहां AC मैडम हैं मंदाकिनी दीक्षित जी…ये मुझसे पैसे की डिमांड करती हैं। इनको एक दुकान से डेढ़ लाख रुपए महीना चाहिए। मेरे पास पांच दुकानें हैं। इनको साढ़े सात लाख रुपए महीने का चाहिए है मुझसे।

अभी तक मैं 20-22 लाख दे चुका हूं। मैडम को मैंने कहा कि अभी घाटा हो रहा है। धंधा चलते ही आपको रुपए दे दूंगा। वो मैडम वेयरहाउस से पैसा न आने पर माल नहीं देने देतीं। आज भी मुझे माल नहीं मिला। इनका रोज-रोज का यही होता है। मैं अब इनसे त्रस्त आकर… मंदाकिनी दीक्षित से त्रस्त आकर…मैं आत्महत्या कर रहा हूं।

अधिकारी बोलीं- 2 करोड़ की डिमांड कर रही मां

असिस्टेंट एक्साइज कमिश्नर मंदाकिनी दीक्षित ने देवास एसपी को 24 नवंबर को शिकायती आवेदन दिया था। इसमें उन्होंने कहा- दिनेश मकवाना की मां संतोष मकवाना ने बृजेश मकवाना और लेखराज पटेल के साथ मिलकर मेरे सब इंस्पेक्टर से संपर्क किया। उन्हें धमकी दी कि उनके पास दिनेश का मेरे खिलाफ बनाया गया वीडियो है। अगर दो करोड़ रुपए नहीं दिए तो इसे वे मीडिया में सर्कुलेट कर देंगे।

कलेक्टर बोले- मामले की जांच कर रहे

देवास कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने कहा- मामले में एक वीडियो वायरल हुआ है। आबकारी अधिकारी मंदाकिनी दीक्षित ने भी पुलिस अधीक्षक को आवेदन दिया है, जिसकी जांच की जा रही है। अगर कुछ भी पाया जाता है तो तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

इंदौर में ठेकेदार दिनेश मकवाना के परिजन ने शिकायत की है। उस पर भी सुनवाई कर एक्शन लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *