गायों का कत्लखाना…अब खुलेंगे गोहत्या के राज !!!
स्लॉटर हाउस में गोवंश का कत्ल कर गोमांस की सप्लाई करने वाले असलम कुरैशी उर्फ चमड़ा को एसआईटी ने गुरुवार को पुलिस रिमांड पर ले लिया। कोर्ट ने पुलिस की अर्जी मंजूर करते हुए असलम को 25 जनवरी तक पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया है। गोमांस से भरे कंटेनर के ड्राइवर शोएब को भी रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस का साफ कहना है कि रिमांड के दौरान गोहत्या और गोमांस सप्लाई के पूरे नेटवर्क को बेनकाब किया जाएगा। पुलिस का फोकस यह पता लगाने पर है कि गोवंश का वध कहां-कहां किया गया, मांस कहां से लाया गया और किन शहरों तक सप्लाई हुई।
मामला 17 दिसंबर का है, जब हिंदू संगठनों ने पुलिस कंट्रोल रूम तिराहे पर एक कंटेनर पकड़ा था। इसमें 26 टन मांस मुंबई भेजा जा रहा था। आरोप था कि स्लॉटर हाउस में गोवंश का कत्ल कर चोरी-छिपे मांस बाहर भेजा जा रहा है। पुलिस ने सैंपल लेकर मथुरा फोरेंसिक लैब भेजे। रिपोर्ट में गोमांस की पुष्टि होते ही 8 जनवरी को जहांगीराबाद थाने में एफआईआर दर्ज कर असलम और शोएब को जेल भेजा गया था।
अब रिमांड में असलम से मांस पैकिंग में गड़बड़ी, सीसीटीवी फुटेज से छेड़छाड़, कर्मचारियों के पुलिस वेरिफिकेशन, मृत मवेशियों की स्लॉटरिंग, अन्य ठिकानों पर गोहत्या कर मांस लाने, सप्लाई रूट और इसमें शामिल लोगों को लेकर पूछताछ होगी। असलम पर बांग्लादेशी कर्मचारियों को रखने का आरोप भी है। पुलिस उसके मोबाइल कॉल डिटेल और व्हाट्सएप चैट खंगाल रही है। अफसरों की संभावित मिलीभगत की भी जांच होगी।



