ग्वालियर में 17 ‘डेथ स्पॉट’ …एक साल में 86 लोगों की एक्सीडेंट में मौत !
ग्वालियर के 18 पुलिस थानों से होकर गुजरने वाली सड़कें मौत के रास्ते बन चुके हैं। बीते एक साल में इन सड़कों पर तेज रफ्तार वाहनों ने 268 लोगों की जान ले ली। कई वाहन लोगों को कुचलकर फरार हो गए, जिन तक पुलिस नहीं पहुंच सकी। शहर और ग्रामीण इलाकों में 17 ऐसे सड़क पॉइंट हैं, जो मौत के हॉट स्पॉट बन चुके हैं। इन जगहों पर 86 लोगों की जान चली गई।
सबसे ज्यादा खतरा ग्वालियर-डबरा हाईवे पर है। इस 44 किमी लंबे इस मार्ग पर एक साल 30 लोगों की मौत हुई। सिकरौदा तिराहा भी जानलेवा है, जहां 10 लोगों की जान गई। भिंड रोड पर सालभर में 9 मौतें हुईं। हादसों की मुख्य कारण-ओवरस्पीड, नशे में वाहन चलाना और हेलमेट न पहनना।
पुलिस के आंकड़े चौंकाने वाले हैं। 2024 में 2040 सड़क हादसों में 351 लोगों की मौत हुई थी। 2025 में हादसे घटकर 1951 हुए, लेकिन मौतें बढ़कर 377 हो गईं। 70 फीसदी मौतों की वजह ओवर स्पीड है। बाकी मामलों में नशा और हेलमेट न पहनना जानलेवा साबित हुआ।
73 फीसदी मौतें गांव की सड़कों पर हुईं
पुलिस के सर्वे में खुलासा हुआ कि 73 फीसदी मौतें गांव की सड़कों पर हुईं। इसकी बड़ी वजह सड़क डिजाइन की गंभीर खामियां हैं। गांव की सड़कें सीधे 90 डिग्री एंगल पर हाईवे से जुड़ रही हैं। कर्व न होने से वाहनों की रफ्तार कम नहीं होती। चौराहों पर अतिक्रमण से विजिबिलिटी खत्म है। कई जगह साइनेज और स्ट्रीट लाइट तक नहीं है। अंधेरे में तेज रफ्तार वाहन सीधे हाईवे पर टकरा जाते हैं। हाईवे पर भी कई जगह इंजीनियरिंग फॉल्ट सामने आए हैं।
हादसों की दर्दनाक कहानियां
हंसते-खेलते गए थे, लौटे तो कफन में: 16 नवंबर की रात सिकरौदा तिराहे पर तेज रफ्तार कार रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। कार में सवार पांच दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। तीन युवक अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। दोस्त की बर्थ-डे पार्टी की बात कहकर निकले थे, किसी को नहीं पता था कि यह आखिरी सफर होगा।
मां-बेटे गए थे कार्यक्रम में, लौटे कभी नहीं: 28 नवंबर को आगरा–मुंबई हाईवे पर डंपर ने बाइक सवार मां-बेटे को कुचल दिया। दोनों किसी कार्यक्रम में शामिल होने निकले थे। हादसे की जगह आज भी परिजनों को झकझोर देती है।
सब्जी लेने गया, मौत की खबर आई: मोतीझील रोड पर तेज रफ्तार कार ने 22 साल के राधेश्याम को कुचल दिया। पिता कहते हैं—बेटा सब्जी लेने निकला था, फिर कभी लौटकर नहीं आया।
पिता की मौत के बाद रोटी को मोहताज: पड़ाव पुल पर कार की टक्कर से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। बेटी कहती है—पिता ही घर चलाते थे, उनके जाने के बाद सब कुछ उजड़ गया।
आंखों के सामने पत्नी ने तोड़ा दम: ईदगाह चौराहे पर तेज रफ्तार ऑटो ने सड़क पार कर रही महिला को कुचल दिया। पति अजय गुप्ता आज भी उस पल को भूल नहीं पाए हैं-“मेरी आंखों के सामने पत्नी तड़पती रही, मैं कुछ नहीं कर सका।

14 नए दुर्घटना स्पॉट पर करेंगे काम
पिछले साल की तुलना में इस बार सड़क हादसों में मौत के आंकड़े बढ़े हैं। ग्रामीण इलाकों से जुड़े थाना क्षेत्रों में हादसे में मौत ज्यादा हुई है। प्रशासन के साथ मिलकर ब्लैक स्पॉट के संभावित स्थान चिन्हित किए गए हैं, जहां सुधार कार्य कराए जाएंगे। -अजीत सिंह चौहान, डीएसपी यातायात
………………………………………………….
ग्वालियर में शनिवार को कलेक्ट्रेट में हुई जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में एक घंटे शहर के बदहाल ट्रैफिक पर ही चर्चा हुई है। सांसद भारत सिंह कुशवाह ने जगह-जगह हो रहे ट्रैफिक जाम पर नाराजगी जाहिर की है। साथ ही कहा है कि यातायात प्रबंधन के लिए सार्थक प्रयास होने चाहिए। जहां ज्यादा ट्रैफिक जाम हो रहा है, वाहनों का दबाव ज्यादा है वहां वैकल्पिक रास्ते खोजने चाहिए।
यह रास्ते खोजने के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD), पुलिस विभाग, नगर निगम और परिवहन विभाग का संयुक्त दल का गठन किया जाए। यह दल शहर में यातायात प्रबंधन कर वैकल्पिक मार्ग का चयन करेगा। जिससे बिगड़ते यातायात पर सुधार किया जा सके। साथ ही नगर निगम के अफसरों व कर्मचारियों द्वारा सुनवाई न करने पोल शिफ्टिंग नहीं करने पर नाराजगी भी जताई।
ब्लैक स्पॉट और हादसों पर हुई चर्चा
ग्वालियर कलेक्ट्रेट में शनिवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई है। यह बैठक सांसद ग्वालियर भारत सिंह कुशवाह की अध्यक्ष्ता में हुई है। जिसमें यातायात प्रबंधन और सुधार पर विस्तार से बातचीत हुई है। बैठक में शहर और शहर को हाइवे से जोड़ने वाले लिंक बायपास पर ब्लैक स्पॉट और उन पर सड़क हादसों में लोगों की मौत होने का मुद्दा गर्माया रहा। सांसद कुशवाह ने ब्लैक स्पॉट पर जो परेशानी है उसे खत्म कर लोगों की जान बचाने की बात कही है। इस दौरान सांसद भारत सिंह कुशवाह ने बैठक में ब्लैक स्पॉट, विद्युत पोल शिफ्टिंग, पार्किंग व्यवस्था, यातायात नियंत्रण के लिये CCTV कैमरे, स्कूल बस के नियमित परीक्षण के साथ ही अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

हजीरा पर फ्लाईओवर, एजी ऑफिस से नाका सिक्स लेन रोड
क्षेत्रीय सांसद कुशवाह ने पोल शिफ्टिंग की समीक्षा करते हुए कहा है कि यातायात में बाधक सभी पोल शिफ्टिंग का कार्य तत्परता के साथ किया जाए। नगर निगम एवं विद्युत मंडल के अधिकारी समन्वय स्थापित कर कार्य को तीव्र गति से करें। उन्होंने यह भी निर्देशित किया है कि हजीरा से चार शहर का नाका तक फ्लाईओवर निर्माण का प्रस्ताव एवं एजी ऑफिस से चन्द्रबदनी नाका तक सिक्सलेन सड़क निर्माण का प्रस्ताव भी तैयार किया जाए।
ट्रैफिक रूल तोड़ने पर कड़ा एक्शन लिया जाए
बैठक में ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि स्मार्ट सिटी एवं नगर निगम के माध्यम से शहर में लगाए गए CCTV कैमरों की निरंतर मॉनीटरिंग कर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरूद्ध कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही जिले में जो भी ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं उनके सुधार का कार्य संबंधित विभागीय अधिकारी अभियान के रूप में करें। की गई कार्रवाई से अगली बैठक में अवगत कराया जाए।
स्कूल बसों की रेगुलर चेकिंग की जाए
बैठक में स्कूल बसों की नियमित जांच के आदेश भी दिए गए। इसके साथ ही शहर में यातायात व्यवस्था की बेहतरी के लिये पार्किंगों का बेहतर संचालन हो, यह भी सुनिश्चित किया गया। ग्वालियर में संचालित ई-रिक्शा एवं ऑटो संचालन को व्यवस्थित करने की दिशा में भी सार्थक प्रयास करने की बात कही गई।
सड़कें जल्द बनाई जाएं
सांसद कुशवाह ने नगर निगम एवं निर्माण विभाग के अधिकारियों को यह भी कहा है कि यातायात प्रबंधन की दृष्टि से जो सड़कें आवश्यक हैं उसके निर्माण का कार्य प्राथमिकता से किया जाए ताकि शहरवासियों को बेहतर यातायात की सुविधा उपलब्ध हो सके। शीतला माता रोड के साथ ही अन्य महत्वपूर्ण सड़कों पर भी विद्युत व्यवस्था को बेहतर करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर रुचिका चौहान ने जिले में यातायात प्रबंधन के लिये किए जा रहे प्रयासों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने पुलिस विभाग के माध्यम से यातायात प्रबंधन के लिये किए गए कार्यों के संबंध में प्रजेंटेशन के माध्यम से विस्तार से जानकारी दी।
ISBT व अन्य बस स्टैंड का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करें
बैठक में सांसद कुशवाह ने कहा कि आईएसबीटी से बसों का आवागमन जल्द से जल्द शुरू कराएं। उन्होंने आईएसबीटी के अनुसार बसों के परमिटों में बदलाव की कार्रवाई जल्द से जल्द पूर्ण हो। बैठक में बताया गया कि प्रथम चरण में आईएसबीटी से भिण्ड व मुरैना की ओर आने-जाने वाली बसों का संचालन प्रस्तावित है।
यह रहे बैठक में शामिल
कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में शनिवार को हुई जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सांसद भारत सिंह कुशवाह के अलावा विधायक भितरवार मोहन सिंह राठौर, विधायक डबरा सुरेश राजे, विधायक ग्वालियर ग्रामीण साहब सिंह गुर्जर, भाजपा के ग्रामीण जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह राजपूत, कलेक्टर रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय, एडिशनल एसपी अनु बेनीवाल सहित समिति के सदस्य दीपक अग्रवाल, डॉ. राकेश अग्रवाल सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
………………………….

आईएसबीटी से बस संचालन शुरू होने के महज तीन महीने बाद कुछ महीनों बाद ही ठप हो गया है। यहां बीते वर्ष 10 नवंबर से भिंड और मुरैना रूट की बसों का संचालन शुरू हुआ था, लेकिन नियमित मॉनिटरिंग के अभाव में व्यवस्था चरमरा गई। अब आईएसबीटी में एक भी बस नहीं चल रही। इस टर्मिनल में ताले लग गए हैं। बसें पुराने बस स्टैंड से चल रही हैं।



