बीएमसी… शिफ्टिंग हुई नहीं और मनपसंद केबिन के दरवाजे पर चिपकाए अपने नाम!
तुलसी नगर स्थित भोपाल नगर निगम के नए हाईटेक मुख्यालय में शिफ्टिंग प्रक्रिया शुरू होते ही ‘अपनों’ के बीच खींचतान शुरू हो गई है। आधुनिक बिल्डिंग में कुर्सियों की खींचतान से शिफ्टिंग फंस गई है।
लीज लाइन और लिफ्ट का काम फिनिशिंग टच में है, लेकिन दफ्तरों के आवंटन को लेकर विवाद सातवें आसमान पर है। कई अफसर और रसूखदार कब्जा बचाने के लिए मुहूर्त निकलवाकर पूजा-पाठ तक कर चुके हैं, ताकि उनकी जगह कोई और न ले।
नए भवन में फ्लोर अलॉटमेंट को लेकर रोज़ नए विवाद सामने आ रहे हैं। कंप्यूटर और बिजली विभाग के लोग नई बिल्डिंग में पहुंच चुके हैं। अतिक्रमण शाखा के अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपनी-अपनी नेम प्लेट लगाकर कब्जा कर लिया है। कई कर्मचारी पेन से नाम टेबल पर लिखकर स्थान सुरक्षित कर चुके हैं। 7वीं मंजिल पर जाने को कोई तैयार नहीं, जबकि कुछ 8वीं मंजिल पर ऑफिस चाहते हैं।
मिनी हॉल में ही परिषद हाॅल बनाने का सुझाव
निगम ने 250 लोगों की क्षमता वाला एक मिनी हॉल तैयार किया जा रहा है। कई अधिकारियों का तर्क है कि इसी मिनी हाॅल में परिषद बनाई जा सकती है।
अधिकारी मांग रहे अलग जगह, स्टाफ नहीं समा रहा
कई अधिकारियों का कहना है कि जनता से जुड़े काम नहीं हैं, इसलिए अलग जगह चाहिए। कुछ इंजीनियरों और प्रभारियों के चेंबर में पूरा स्टाफ नहीं समा पाएगा। फाइलों के अंबार के बीच बैठेंगे कहां?
ये काम पूरे नहीं हुए
शिफ्टिंग को लेकर तैयारी तेजी से की जा रही है। फर्नीचर पहुंच चुका है। जैसे ही इंटरनेट की लीज लाइन चालू होगी, मुख्यमंत्री के हाथों उद्घाटन की तारीख तय हो जाएगी। फिलहाल सारा जोर ‘मनपसंद कुर्सी’ और ‘सही फ्लोर’ की सेटिंग बिठाने पर है।


