आगरा मेट्रो के काम ने पकड़ी रफ्तार:10 माह से कम समय में 102 पिलर का निर्माण, ताज ईस्ट गेट पर 33 डबल टी गर्डर रखे गए
ताजनगरी में मेट्रो निर्माण का काम तेज रफ्तार के साथ किया जा रहा है। यूपी मेट्रो ने 10 महीनों से भी कम वक्त में 102 पीयर्स (पिलर) का निर्माण पूरा कर लिया है। इसके साथ ही अब तक 616 पाइल एवं 120 पाइल कैप का निर्माण किया जा चुका है। वहीं, आगरा मेट्रो के प्रथम स्टेशन ताज ईस्ट गेट पर अब तक 33 डबल टी गर्डर सफलतापूर्वक रखे जा चुके हैं।

तय समय में 100 पीयर्स निर्माण बड़ी उपलब्धि
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के एमडी कुमार केशव ने कहाकि आगरा मेट्रो टीम ने तय समय में 100 पीयर्स का निर्माण पूरा कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। यूपी मेट्रो विकास की इस रफ्तार को कायम रखते हुए निर्धारित समय में प्रायोरिटी कॉरिडोर का निर्माण पूरा कर शहरवासियों को विश्वस्तरीय मेट्रो सेवा प्रदान करेगी। यूपीएमआरसी द्वारा ऐलिवेटिड भाग में वायाडक्ट निर्माण के लिए पीयर कैप रखने का काम तेज गति के साथ किया जा रहा है, बहुत जल्द यू-गर्डर के परिनिर्माण का कार्य आरंभ किया जाएगा।
प्रथम कॉरिडोर में निर्माण की रफ्तार तेज
बता दें कि ताज ईस्ट गेट से सिकंदरा के बीच बन रहे प्रथम कॉरिडोर के प्रायोरिटी सेक्शन में तेज रफ्तार के साथ निर्माण कार्य किया जा रहा है। ताज ईस्ट गेट से जामा मस्जिद के बीच प्रायोरिटी कॉरिडोर के ऐलिवेटिड भाग में अब तक 616 पाइल, 120 पाइलकैप और 102 पीयर्स (पिलर) का निर्माण पूरा कर लिया है। प्रायोरिटी कॉरिडोर के ऐलिवेटिड भाग में तीनों स्टेशनों ताज ईस्ट गेट- बसई- फतेहाबाद रोड का निर्माण किया जा रहा है। आगरा में 29.4 किमी लंबे दो कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें कुल 27 स्टेशन होंगे। 14 किमी लंबे प्रथम कॉरिडोर का निर्माण ताज ईस्ट गेट से सिकंदरा के बीच किया जा रहा है। इस कॉरिडोर में 13 स्टेशनों का निर्माण किया जाएगा, जिसमें 6 ऐलिवेटिड, जबकि 7 भूमिगत स्टेशन होंगे। वहीं, आगरा कैंट से कालिंदी विहार के मध्य लगभग 16 किमी लंबे दूसरे कॉरिडोर में 14 स्टेशनों का निर्माण किया जाएगा, जिसके सभी स्टेशन ऐलिवेटिड होंगे।