महिला हिंसा:टोल प्लाजा पर महिला कर्मचारी के साथ मैनेजर ने की छेड़छाड़

  • मेहरा टोल प्लाजा का मामला, आरोपी फरार

मेहरा टोल प्लाजा पर काम करने वाली महिला कर्मचारी के साथ टोल प्लाजा का मैनेजर ही छेड़छाड़ करता था। महिला कर्मचारी को कई दिनों से वह परेशान कर रहा था, कभी अश्लील फब्तियां कसता तो विरोध करने पर कभी नौकरी से निकलवाने की धमकी देता था। जब महिला कर्मचारी ने इसकी शिकायत कंपनी के अफसरों से की तो वह उसे धमकाने लगा। परेशान होकर महिला कर्मचारी ने पुलिस से शिकायत की। सिरोल थाना पुलिस ने इस मामले में छेड़छाड़, धमकाने और एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है।

सिरोल थाने के सब इंस्पेक्टर आरपी इंदोरिया ने बताया कि दीनदयाल नगर की रहने वाली 25 वर्षीय युवती मेहरा टोल प्लाजा पर काम करती है। वह करीब तीन साल से यहां काम कर रही है। टोल प्लाजा का मैनेजर सुनील यादव एक साल से यहां काम कर रहा है। वह युवती के साथ छेड़छाड़ करता था। युवती पर अश्लील फब्तियां कसने के साथ ही गलत हरकत करता था। कुछ दिन तो युवती उसकी हरकत सहती रही, लेकिन जब वह परेशान हो गई तो उसने प्रबंधन से शिकायत की।

इसके बाद वह युवती को नौकरी से निकलवाने की धमकी देने लगा। युवती ने शुक्रवार शाम करीब 5.30 बजे सिरोल थाने पहुंचकर शिकायत की। युवती की शिकायत पर मैनेजर सुनील यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। सब इंस्पेक्टर इंदोरिया ने बताया कि आरोपी अभी गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *