हजीरा सब्जी मंडी शिफ्टिंग के विरोध का 18वां दिन:ननि ने 6 जेसीबी से 114 चबूतरे तोड़े, विरोध में पहुंचे कांग्रेस नेता पकड़े तो चार घंटे में ऊर्जा मंत्री के 4 पुतले जलाए

  • मंडी की जमीन समतल करने से उग्र हुआ आंदोलन…..

नगर निगम ने साेमवार काे हजीरा की पुरानी सब्जी मंडी में बने 114 चबूतरों को जमींदोज कर दिया। नतीजा- 13 जनवरी से किया जा रहा आंदोलन और तेज हाे गया। चबूतरे ताेड़ने के विराेध में पहुंचे कांग्रेस नेता सुनील शर्मा की गिरफ्तारी के विराेध में कांग्रेसियाें ने सुबह 11 बजे से दाेपहर 2.48 बजे तक मंडी और फूलबाग चौराहा पर विरोध प्रदर्शन किया। दृश्य ये था कि मंडी में जेसीबी चल रहीं थी और फूलबाग पर धरना व पुतला दहन किया जा रहा था।

दरअसल, कांग्रेस यूथ विंग ने सुबह 11 बजे से ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर का पुतला दहन शुरू किया। दोपहर 12 बजे कांग्रेसी एकत्र हुए और दो बजे तक फूलबाग चाैराहे पर धरना दिया। इसमें मार्क्सवादी कम्युनिष्ट पार्टी के नेता भी शामिल हुए। पहला पुतला चौराहा पर जलाने के बाद 2 बजे दूसरा पुतला जलाने की तैयारी के दौरान पुलिस से छीना छपटी हुई इसलिए पुतला टूट गया और पुतले के अवशेष कांग्रेसियों ने एकत्र कर जला दिए।

तीसरा पुतला 2.27 बजे मोती मस्जिद के पास जलाया गया, इसे पुलिस ने पानी फेंककर बुझाया। चौथा पुतला 2.48 बजे दस कदम की दूरी पर जलाया। इसी पुतले की छीना-झपटी में एसआई झुलस गए। पुलिस ने पुतला दहन करने वाले नेताओं को हिरासत में ले लिया।

6 घंटे चली निगम की कार्रवाई

मदाखलत की टीम ने सुबह 7.30 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक 6 जेसीबी और 10 डंपरों ने हजीरा की पुरानी सब्जी मंडी को समतल कर दिया। इस दौरान मंडी के हर गेट पर पुलिस तैनात थी। शाम तक पांच चबूतरे मालिक इंटक मैदान में शिफ्ट हो गए। निगमायुक्त किशोर कन्याल का कहना है कि 12 बजे तक का टारगेट रखा था, लेकिन दोपहर डेढ़ बजे तक चबूतरों को तोड़ दिया गया।

चौथा पुतला पेट्रोल से भीगा था

बताया गया है कि छीना-झपटी के चलते चौथे पुतले को जलाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता पहले से ही उसे पेट्रोल से भिगोकर लाए थे। पुलिसकर्मियों को यह अनुमान नहीं था कि पुतला तेजी से आग पकड़ लेगा। कार्यकर्ता को पता था इसलिए वह पुतले में आग लगा कर भाग गया। एसआई दीपक गौतम ने पुतले कोे सूखा समझ पकड़ कर बुझाने की कोशिश की और झुलस गए।

निजी माॅल के लिए मंडी उजाड़ी, विराेध करेंगे

हजीरा पर निजी मॉल की पार्किंग बनाने के लिए गरीबों की मंडी को उजाड़ा गया है। मॉल को बिना पार्किंग के मंजूरी कैसे दी गई? विरोध प्रदर्शन में पुतला दहन के दौरान एसआई के झुलसने की घटना दुखद है। गरीबों की सुनवाई न करने वाली सरकार के सभी नेताओं के शहर में प्रवेश करने पर काले झंडे दिखाकर विरोध करेंगे। -देवेंद्र शर्मा, अध्यक्ष, शहर जिला कांग्रेस

फड़ाें से वसूली करने वालों को परेशानी

कुछ स्वार्थी लोग जो हजीरा मंडी में सब्जी का नहीं फड़ों से किराया वसूली का काम करते हैं, उन्हें शिफ्टिंग से परेशानी हुई है। वही विरोध में शामिल हैं और कांग्रेस नेता उनके लिए आधी रोटी पर दाल ले रही है। आज बिना किसी पूर्व सूचना के धरना व पुतला दहन किया गया जो कि गलत है। -कमल माखीजानी, जिलाध्यक्ष, भाजपा

ऐसे चला घटनाक्रम

  • सुबह 7:30 बजे- नगर निगम का अमला भारी पुलिस बल के साथ हजीरा चौराहा पर स्थित पुरानी सब्जी मंडी को तोड़ने के लिए पहुंचा। यह अमला दोपहर डेढ़ बजे तक कार्रवाई करता रहा।
  • 7:30 बजे: अमले के पहुंचने पर ही कांग्रेस नेता सुनील शर्मा भी विरोध करने पहुंच गए।
  • 8:00 बजे: सुनील शर्मा की गिरफ्तारी की सूचना पर कांग्रेस कार्यकर्ता भी हजीरा पहुंचे जिन्हें भी पुलिस ने गिरफ्तार कर तिघरा भेज दिया और वहां से शाम को रिहा कर दिया गया।
  • 11:00 बजे- फूलबाग चौराहा पर कांग्रेस के युवा कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी के विरोध में पुतला जलाया।
  • दोपहर 12:00 बजे- गिरफ्तारी के विरोध में धरना देने के लिए कांग्रेस पदाधिकारी एकत्र हुए और 1 बजे से धरना शुरू किया जो 2 बजे तक चला।
  • 2:48 बजे- चौथा पुतला मोती मस्जिद के कुछ आगे जलाया गया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *