पहले चरण के प्रचार का आज आखिरी दिन ,दिग्गजों ने झोंकी ताकत….

वेस्ट यूपी के 11 जिलों में 10 फरवरी को होगी वोटिंग, दिग्गजों ने झोंकी ताकत….

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 10 फरवरी को वोटिंग है। ऐसे में पहले चरण के चुनाव के प्रचार का आज अंतिम दिन है। प्रचार के लिए आज राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी के दिग्गजों ने मोर्चा संभाल लिया है। शाम 6 बजे के बाद पहले चरण का चुनाव प्रचार थमने के साथ नेताओं का मतदान के लिए इंतजार बढ़ जाएगा।

बता दें कि पहले चरण में वेस्ट यूपी के 11 जिलों की 58 सीटों पर मतदान होने हैं। पहले चरण में कुल 623 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। चुनाव आयोग और आचार संहिता के नियमों के कारण शाम को 11 जिलों में प्रचार थम जाएगा।

पीएम मोदी 3 जिले के लोगों को वर्चुअली करेंगे संबोधित

पीएम मोदी वर्चुअल जन चौपाल के जरिए तीन जिलों- सम्भल, रामपुर और बदायूं के मतदाताओं को संबोधित करेंगे। पीएम शाम 5 बजे वर्चुअल माध्यम से तीन जिलों की 15 विधानसभा सीटों को साधेंगे। पीएम मोदी के इस कार्यक्रम के लिए 150 से ज्यादा जगहों पर LED स्क्रीन लगाई गई है। उधर, सीएम योगी आदित्यनाथ मुरादाबाद, अमरोहा, गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद में आयोजित चुनावी कार्यक्रमों को संबोधित करेंगे।

पीएम मोदी के कार्यक्रम के लिए 150 से ज्यादा जगहों पर LED स्क्रीन लगाई गई है।
पीएम मोदी के कार्यक्रम के लिए 150 से ज्यादा जगहों पर LED स्क्रीन लगाई गई है।

भाजपा का मेनिफेस्टो आज

भाजपा मंगलवार को अपना संकल्प पत्र (मेनिफेस्टो) जारी करेगी। साल 2017 में यूपी विधानसभा चुनाव में जीत को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपना घोषणा पत्र जारी किया था। पार्टी के तत्कालीन संकल्प-पत्र जारी करते हुए कहा था कि हमें एक मौका दीजिए हम यूपी को बीमारू राज्य की श्रेणी से बाहर निकालेंगे। अपने लोक-कल्याण संकल्प पत्र में भाजपा ने करीब 35 वादे किए थे। अब एक बार फिर पार्टी यूपी चुनाव को लेकर अपना संकल्प पत्र जारी करने जा रही है। इससे पहले रविवार 6 फरवरी को भाजपा संकल्प पत्र जारी करने वाली थी, लेकिन भारत रत्न लता मंगेशकर के निधन के बाद इस कार्यक्रम को टाल दिया गया था।

तीन जिलों में प्रियंका का डोर-टू-डोर कैंपेन

प्रियंका गांधी हस्तिनापुर, मथुरा और खैरागढ़ के विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में वोट मांगेंगी।
प्रियंका गांधी हस्तिनापुर, मथुरा और खैरागढ़ के विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में वोट मांगेंगी।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी मंगलवार को तीन जिलों- मेरठ, मथुरा और आगरा में डोर-टू-डोर कैंपेन करेंगी। हस्तिनापुर, मथुरा और खैरागढ़ के विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में वोट मांगेंगी। प्रचार के आखिरी दिन मेरठ में स्वामी प्रसाद मौर्य गठबंधन के लिए वोट मांगेगे, साथ ही ओमप्रकाश राजभर भी गठबंधन के पक्ष में वोट मांगने आ रहे हैं। मुसलमानों के साथ पिछड़ों के इलाकों में जाकर गठबंधन का प्रचार करेंगे। हस्तिनापुर सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी अर्चना गौतम के प्रचार के लिए खुद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आ रही हैं। यहीं सचिन पायलट भी रहेंगे। भाजपा से दक्षिण सीट प्रतयाशी सोमेंद्र तोमर के लिए मंत्री अनुराग ठाकुर चुनाव प्रचार करेंगे, क्योंकि सोमेंद्र के चुनाव में अंदरखाने विरोध की खबरें हैं इसलिए अनुराग आ रहे हैं। अनुराग के साथ डिप्टी सीएम केशव मौर्य के आने की चर्चा है। वहीं मुसलमान इलाकों में असद्दुीन ओवेसी भी रहेंगे।

गढ़मुक्तेश्वर में जयंत का आखिरी पैंतरा
हापुड़ में जयंत चौधरी चुनाव प्रचार करेंगे। गढ़मुक्तेश्वर सीट पर जयंत गठबंधन प्रत्याशी रविंद्र चौधरी के लिए सिखेड़ा में प्रचार करेंगे। अखिलेश जयंत की प्रेस कॉन्फ्रेंस होने के बाद भी जयंत यहां अकेले प्रचार में आ रहे हैं। इसका कारण इस सीट पर मुसलमान और जाट वोटर अच्छी संख्या में हैं। अगर गुर्जर भी सपा के साथ आ गया तो ये सीट गठबंधन के लिए आसान होगी। इसलिए जयंत आखिरी दांव चलना चाहते हैं।

पहला चरण ही तय करेगा चुनाव का रुख
पहले चरण का चुनाव पूरे विधानसभा चुनाव के लिए बहुत अहम है। पहले चरण के मतदान से ही बाकी के चरणों का रुख तय होगा। यूपी में विधानसभा चुनाव भाजपा v/s गठबंधन सीधे है। बसपा, कांग्रेस, आप सहित दूसरे दल सीधे फाइट में नहीं हैं। पहले चरण में वेस्ट यूपी में चुनाव है। ये वही वेस्ट यूपी है जहां सपा, रालोद का गठबंधन है। जो भाजपा की बड़ी चुनौती है। गठबंधन की सफलता, विफलता ही सपा और भाजपा के चुनाव पर असर डालेगी। पहले चरण में वो सभी सीटें हैं जो किसान आंदोलन, पलायन, जाटों, दंगा प्रभावित हैं। इन जिलों के मतदान से ही पूर्वांचल, मध्यांचल और अन्य जिलों का चुनाव तय होगा। इसलिए हर सियासी दल पहले चरण का चुनाव अपने हक में कराना चाहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *