Punjab Assembly Elections 2022 … महिलाओं को मौका देने में फिसड्डी हैं सभी पार्टियां! 1276 उम्मीदवारों में केवल 90 महिलाएं
Punjab Elections 2022: पंजाब विधानसभा की 117 सीटों के लिए कुल उम्मीदवारों की संख्या 1276 हैं और इनमें कुल महिला उम्मीदवार केवल 90 ही हैं।
कांग्रेस पार्टी उत्तर प्रदेश में महिलाओं के लिए जमकर बातें कर रही थी और चुनावों में उनकी भागीदारी को बढ़ाने पर जोर दे रही थी, परंतु पंजाब में इस पार्टी ने कुल सीटों में से केवल 10 फीसदी सीटों पर ही महिलाओं को टिकट दिया है। इस बार कांग्रेस ने पिछली बार की तुलना में एक संख्या बढ़ाते हुए कुल 11 महिला उम्मीदवारों को टिकट दिया है।
वहीं, आम आदमी पार्टी ने कुल 117 विधानसभा सीटों में से 12 सीटों पर ही महिलाओं को टिकट दिया है। पिछली बार इस पार्टी ने केवल 9 महिलाओं को ही टिकट दिया था।
वहीं, अपना पंजाब पार्टी ने 6, बहुजन मुक्ति पार्टी ने 4, सामाजिक संघर्ष पार्टी ने 3, इंसानियत लोक विकास पार्टी ने 2, भारतीय जन जागृति ने केवल एक महिला उम्मीदवार को ही टिकट दिया है।
वर्ष 2017 के विधानसभा चुनावों में कुल 1145 उम्मीदवारों में केवल 81 महिला उम्मीदवार थीं। इस बार 1276 में केवल 90 महिला उम्मीदवार हैं। दोनों बार ही महिला उम्मीदवारों की भागीदारी केवल 7 फीसदी रही।
महिला मतदाताओं को लुभाने के लिए किये बड़े वादे
हालांकि, तमाम राजनीतिक दल महिला मतदाताओं को लुभाने के लिए तरह तरह के वादे अवश्य कर रहे। जैसे कांग्रेस पार्टी ने महिलाओं को हर महीने 2000 रुपये, एक साल में 8 रसोई गैस सिलिन्डर मुफ़्त देने का वादा किया है। आम आदमी पार्टी ने भी सभी महिलाओं के खाते में 1 हजार रुपये डालने का वादा किया है। इसके अलावा नौकरी में 50 फीसदी तक का आरक्षण देने की बात भी कुछ पार्टियों ने कही है।