एंबुलेंस सेवा इमरजेंसी पर:प्रदेश की सड़कों पर 598 एंबुलेंस, इनमें 428 आउटडेटेड, 14 कंडम… फिर भी दौड़ रहीं

मप्र में एंबुलेंस सेवा अब खुद इमरजेंसी पर है। नई कंपनी ने दो माह का समय और मांग लिया है। ऐसे में पुरानी कंपनी पुरानी एंबुलेंस से ही काम चला रही है। लेकिन इसके चलते प्रदेश की सड़कों पर दौड़ रहीं 598 एंबुलेंस में से 428 आउटडेटेड हो गई। यह एंबुलेंस तय मापदंड यानी 2.5 लाख किमी से अधिक चल चुकी हैं। 141 तो ऐसी हैं जो 4 लाख किमी से अधिक चल गई हैं। वहीं 14 एंबुलेंस अपने खतरनाक स्तर पर पहुंच गई हैं। यह एंबुलेंस 6 से 8 लाख किमी के बीच चल गई हैं।

इसका बड़ा खामियाजा उन मरीजों को उठाना पड़ रहा है, जिन्हें इमरजेंसी में इनकी जरूरत पड़ती है। कॉल करने के बाद एंबुलेंस को डेढ़ मिनट में एक किमी पार करके और इसी रफ्तार से हॉस्पिटल पहुंचना चाहिए। लेकिन अब पुरानी एंबुलेंस को एक से डेढ़ मिनट अधिक लग जाता है। अब जिगित्सा हेल्थ केयर को यह टेंडर छोड़ना है तो वे इस तरफ ध्यान नहीं दे रहे हैं, क्योंकि 1 अप्रैल से नई कंपनी को काम संभालना है। साथ ही उन्हें नई गाड़ियां भी खरीदनी हैं।

141 एंबुलेंस तो ऐसी हैं जो 4 लाख किमी से अधिक चल चुकी हैं
भोपाल की 16 में से 3 एंबुलेंस अधिक चलीं… जिले में 16 एंबुलेंस हैं। इनमें से 4 एंबुलेंस ऐसी हैं, जो ढाई लाख किमी से अधिक चल चुकी हैं। इनमें बैरसिया, सूखी सेवनिया, नजीराबाद व एक अन्य थाने शामिल हैं।

इतनी चली एम्बुलेंस

  • संख्या – किलोमीटर
  • 13 – 6 लाख किमी से अधिक
  • 31 – 5 लाख किमी से अधिक
  • 94 – 4 लाख किमी से अधिक
  • 164 – 3 लाख किमी से अधिक
  • 121 – 2.5 लाख किमी से अधिक

दो साल पुरानी स्टडी से सुधार
2019 में गुड गवर्नेंस द्वारा की गई रिसर्च में यह बताया गया था कि उस साल एक जिले में 53 केसेज को अटेंड नहीं किया जाता था। इसके बाद तीन साल में सुधार तो हुआ, लेकिन अभी भी हर जिले में हर माह 20 से अधिक केसेज मिस्ड हो जाते हैं। अभी एंबुलेंस की संख्या कम है। नए टेंडर में संख्या 1002 हो जाएगी। तब 100 परसेंट केस अटेंड किए जा सकेंगे।

प्रक्रिया यह है… एंबुलेंस की ऑनलाइन मॉनीटरिंग की जाती है। ढाई लाख किमी से अधिक चलने पर स्पेशल फिटनेस होता है और एक्सपर्ट की राय पर इन्हें चलाया जाता है। 3 लाख किमी तक इन एंबुलेंस को ऑफ रोड करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *