80 करोड़ लोगों को राहत:6 महीने तक मिलता रहेगा मुफ्त राशन, सरकार ने सितंबर तक बढ़ाई PM गरीब कल्याण योजना की मियाद
केंद्रीय कैबिनेट ने भी बड़ा फैसला लिया है। कैबिनेट ने PM गरीब कल्याण योजना को 6 महीने बढ़ाने का फैसला लिया है। केंद्र के इस फैसले से देश के 80 करोड़ से अधिक लोगों को एक बार फिर से राहत मिली है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, भारतवर्ष का सामर्थ्य देश के एक-एक नागरिक की शक्ति में समाहित है।
अब इस शक्ति को और मजबूत बनाने के लिए सरकार ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना की मियाद 6 महीने बढ़ाने का फैसला लिया है। अब देश के जरूरतमंदों को सितंबर 2022 तक मुफ्त राशन मिलता रहेगा।
क्या है पीएम गरीब कल्याण योजना
कोरोना महामारी के चलते देश में लगे लॉकडाउन में PM गरीब कल्याण अन्न योजना को 2020 मार्च में शुरू किया गया था। शुरू में यह योजना अप्रैल से जून 2020 तक के लिए थी। फिर इसे बढ़ाया गया और नवंबर 2021 तक के लिए इसे लागू किया गया। इस तरह से यह योजना लगातार बढ़ रही है। गरीब कल्याण योजना के तहत 80 करोड़ लोगों को 5 किलो गेहूं या चावल के साथ एक किलो चना हर महीने दिया जाता है। यह अनाज राशन की दुकानों के माध्यम से लोगों को मिलता है।

इन्हें मिलता है योजना का लाभ
इस योजना के तहत, सरकार नेशनल फूड सिक्योरिटी एक्ट (NFSA) के तहत पहचान किए गए लोगों को मुफ्त राशन देती है। NFSA ने 80 करोड़ राशन कार्डधारकों को मुफ्त राशन मिलने वालों की सूची में रखा है। इस स्कीम के तहत मिलने वाला मुफ्त राशन, कार्डधारकों को राशन की दुकानों के जरिए मिलने वाले सब्सिडी वाले अनाज के अलावा और उसके ऊपर होता है।
यूपी में 3 महीने बढ़ी मुफ्त राशन योजना
बता दें कि, इससे पहले यूपी में योगी आदित्यनाथ ने सीएम पद की शपथ ग्रहण करने के दूसरी ही दिन यानी शनिवार को मुफ्त राशन योजना 3 महीने के लिए बढ़ाई है। पहले यह योजना मार्च 2022 तक थी, लेकिन योगी कैबिनेट की पहली बैठक में इस योजना को 3 माह तक बढ़ाने पर मुहर लगाई गई है।